पानीपत। गांव सिवाह और दीवाना के बीच दिल्ली पैरलल नहर से होकर पानीपत से सोनीपत जा रहे कंटेनर के सामने एक भूसे से भरा ट्रैक्टर आ गया, जिसको बचाने के चक्कर में चालक ने जैसे ही कट मारा तो कंटेनर असंतुलित होकर नहर में जा गिरा। कंटेनर चालक और हेल्पर खुद तैरकर नहर से निकल गए लेकिन केबिन में सो रहा चालक का भतीजा नहर में बह गया। डीएसपी व गोताखोर की टीम मौके पर पहुंची, सर्च अभियान शुरू किया, लेकिन देर रात तक भतीजा नहीं मिला।
उत्तर प्रदेश के अमरोह निवासी मुकुंद ने बताया कि वह कंटेनर पर ड्राइवर की नौकरी करता है। वह शुक्रवार को सुबह करीब 10 बजे वह कंटेनर को लेकर पानीपत से सोनीपत के लिए निकले थे। उसके साथ हेल्पर आकाश और भतीजा रूप किशोर(18) कंटेनर में बैठा हुआ था। उन्होंने जीटी रोड की बजाय दिल्ली लिंक पैरलल नहर के सहारे से जाना ठीक समझा, क्योंकि जाम कम लगता है। जब वह सिवाह और दीवाना के पास पहुंचे तो एक भूसे से लदे ट्रैक्टर ने अचानक कट मार दिया। ट्रैक्टर को बचाने के लिए उन्होंने कंटेनर को दाएं तरफ घुमा दिया। जिस वजह से कंटेनर अनियिंत्रित होकर सीधा नहर में जा गिरा। जब वह तक वह निकल पाते, तब तक देर हो चुकी थी। रूप किशोर केबिन में सो रहा था, वह और हेल्पर आकश निकल गए और तैरकर बाहर आ गए, लेकिन रूप किशोर नहर के बहाव तेज होने की वजह से बह गया।