पानीपत। शिक्षा विभाग ने राज्य स्तरीय स्कूल खेल प्रतियोगिताओं का कैलेंडर जारी कर दिया है। प्रतियोगिता में पानीपत को फुटबॉल और बेसबाॅल की मेजबानी मिली है। इसके साथ शिक्षा विभाग आठ सितंबर से 28 अक्टूबर तक होने वाले राज्य स्तरीय खेलों की तैयारियों में जुट गया है। वहीं पानीपत में फुटबाल व बेसबॉल प्रतियोगिता का आयोजन 26 से 28 अक्टूबर काे किया जाएगा। ये जानकारी एईओ कर्ण सिंह पूनिया ने दी।
उन्होंने बताया कि शेड्यूल के अनुसार प्रतियोगिता की शुरुआत आठ सितंबर से होगी और 28 अक्टूबर तक 17 जिलों में खेल प्रतियोगिता कराई जाएंगी। प्रतियोगिता में अंडर-14, 17 और अंडर-19 आयुवर्ग में खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। एक खिलाड़ी अधिक से अधिक तीन खेल में भाग ले सकता है। इसमें दो मुख्य और एक सामान्य होगा। जबकि एथलेटिक्स और स्वीमिंग प्रतियोगिता में खिलाड़ी तीन इवेंट और दो रिले रेस में हिस्सा ले सकता है। आयु को निर्धारित करने के लिए अंडर-19 के लिए आधार वर्ष 2005, अंडर-17 के लिए 2007 और अंडर-14 के लिए 2010 रखा गया है। संवाद
राज्यस्तरीय स्कूली खेल प्रतियोगिता का शेड्यूल
8 से 10 सितंबर-
कुरुक्षेत्र में लड़के व लड़कियों साइक्लिंग, शतरंज, हॉकी की प्रतियोगिता होगी। झज्जर में लड़कों की क्रिकेट, बेसबाल प्रतियोगिता और हिसार में लड़कों हैंडबाल, कार्फबाल और लड़कियों की फ्री स्टाइल कुश्ती कराई जाएगी। भिवानी में राज्य स्तरीय स्कूली शतरंज प्रतियोगिता होगी।
12 से 14 सितंबर-
गुरुग्राम में लड़के व लड़कियों की शूटिंग, बॉय अंडर-17 बास्केटबाल प्रतियोगिताएं होंगी। जींद में लड़कों में फेंसिग, कबड्डी और लड़के व लड़कियों दोनों वर्ग में आर्चरी की प्रतियोगिताएं होगी। अंबाला में लड़कियों फुटबाल और लड़के व लड़कियों की जिम्नास्टिक की प्रतियोगिता कराई जाएगी।
15 से 17 सितंबर-
पंचकूला में लड़कों एथलेटिक्स, लड़कियों की क्रिकेट और लड़कों लॉन टेनिस प्रतियोगिता, कैथल में लड़कियों की हैंडबॉल व जूडो और लड़कियों की खो-खो प्रतियोगिता होगी। सोनीपत में लड़कियों की ताइक्वांडो, बॉक्सिंग, लड़कों की फ्री स्टाइल कुश्ती व अंडर-17, 19 आयुवर्ग में ग्रीको रोमन कुश्ती कराई जाएगी।
19 से 21 सितंबर-
यमुनानगर में लड़कों व लड़कियों की वेट लिफ्टिंग व कराटे प्रतियोगिता, भिवानी में लड़कों के अंडर-14, 19 आयु वर्ग की बास्केटबाल और चरखी दादरी में लड़के व लड़कियों की वॉलीबाॅल प्रतियोगिता कराई जाएगी।
12 से 14 अक्टूबर-
रोहतक में लड़कियों की कबड्डी, सॉफ्टबाल व स्केटिंग की प्रतियोगिता होंगी। पलवल में लड़कों व लड़कियों की योगासन व टेबल टेनिस और करनाल में लड़कियों की एथलेटिक्स व बास्केटबाॅल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
17 से 19 अक्तूबर-
रेवाड़ी में लड़कों की ताइक्वांडो और लड़के व लड़कियों की नेटबाल, सिरसा में लड़के व लड़कियों की स्वीमिंग, लड़कों की अंडर-19 वाटर पोलो व जूडो प्रतियोगिता होगी। वहीं, फतेहाबाद में लड़के व लड़कियों की थ्रोबॉल, लड़कियों की खो-खो और लड़कों की सॉफ्टबाॅल कराई जाएगी।
26 से 28 अक्टूबर-
पानीपत में लड़कियों की बेसबाल व लड़कों फुटबाल प्रतियोगिता, फरीदाबाद में लड़के व लड़कियों की बैडमिंटन, लड़कों की बॉक्सिंग, लड़कियों की लॉन टेनिस और फेंसिंग प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।वर्जन-
आठ सितंबर से राज्यस्तरीय स्कूली खेलकूद प्रतियोगिताएं होंगी। पानीपत में 26 से 28 अक्टूबर तक प्रतियोगिता कराई जाएंगी। खिलाड़ियों के ठहरने और खेल मैदान की व्यवस्था कराए जाने संबंधी निर्देश भी मुख्यालय से मिले हैं।
कुलदीप दहिया, जिला शिक्षा अधिकारी, पानीपत।