प्रदेश में अब तीसरी बेटी के जन्म पर भी आपकी बेटी-हमारी बेटी का लाभ मिलेगा। अब सरकार नई योजना का लाभ ऐसे अभिभावकों को देगी। महिला एवं बाल विकास निदेशालय ने इस संबंध में सभी सीडीपीओ को लाभार्थियों की सूची भेजने के लिए कहा है। सूची मिलने के बाद ही संबंधित लाभार्थी को फंड जारी हो सकेगा।
सीडीपीओ दफ्तर ने योजना का लाभ लेने के लिए लोगों से आवेदन मांगना शुरू कर दिया है। आवेदन सहित दस्तावेज पूरा करने के बाद सूची महिला एवं बाल विकास विभाग निदेशालय को भेजेगा। वहां से स्वीकृति मिलने के बाद बच्ची के खाते में एकमुश्त 21 हजार रुपये जमा हो जाएंगे। यह रकम 18 साल बाद ब्याज सहित मिलेंगी।
हर वर्ग के व्यक्ति किए गए शामिल
उपायुक्त डॉ. चंद्रशेखर खरे ने बताया कि प्रदेश के एससी और बीपीएल परिवार को पहली बेटी के जन्म पर ही ‘आपकी बेटी हमारी बेटी’ योजना का लाभ मिलता है। सामान्य वर्ग के लोगों को दूसरी बेटी के जन्म पर योजना का लाभ दिया जाता है। अब सरकार नई स्कीम के तहत हर वर्ग की बेटियों को योजना का लाभ देगी।
निदेशालय ने सभी जिला प्रोग्राम अधिकारी और सीडीपीओ को नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। उन्हें फार्म सहित सूची भेजने के लिए कहा है।
तीनों बेटियों के साथ करना होगा आवेदन
‘आपकी बेटी-हमारी बेटी’ योजना का लाभ लेने वाले पिता को अब अपनी पत्नी और तीनों बेटियों के जन्म प्रमाण पत्र, रिहायश प्रमाण पत्र, आधार नंबर की छाया प्रति सहित फोटो आवेदन फार्म के साथ सीडीपीओ दफ्तर में जमा करने होंगे। उसके बाद उनकी सूची निदेशालय को भेजी जाएगी।
वहां से अनुमति और फंड जारी होने के बाद उनके एलआईसी खाते में 21 हजार रुपये जमा करा दिए जाएंगे। मालूम हो कि खंड में लाडली सहित आपकी बेटी हमारी बेटी योजना के करीब 450 लाभार्थी हैं। प्रभारी डीपीओ सरला यादव का कहना है कि निदेशालय से नोटिफिकेशन आने के बाद आंगनबाड़ी केंद्रों पर काम करने वाली कार्यकर्ताओं और सहायकों को अपने-अपने गांवों में पात्र लोगों को सूचित करने के लिए कहा गया है।