थाना सनौली से एक गोतस्कर का हथकड़ी समेत लॉकअप से फरार होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि गांव सनौली खुर्द में ग्रामीणों ने मंगलवार रात गोतस्करी के मामले में एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था, लेकिन बुधवार सुबह तस्कर थाने में नहीं मिला। चर्चा है कि तस्कर पुलिस कर्मचारियों को चकमा दे हथकड़ी सहित भाग गया। हालांकि, पुलिस अधिकारी ऐसी किसी घटना से इनकार कर रहे हैं।
इन दिनों सनौली नाके से गोतस्करी का धंधा जोरों पर है। रोजाना गोतस्करों से गायों और बैलों को मुक्त कराया जा रहा है। गांव सनौली खुर्द में मंगलवार रात ग्रामीणों ने गोतस्करी के आरोप में एक युवक को काबू किया था। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत सनौली थाना पुलिस को दी थी। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पुलिस के पहुंचने के बाद तस्कर को पुलिस को सौंप दिया था। पुलिस जीप में बैठाकर तस्कर को अपने साथ थाना ले गई थी। बुधवार सुबह ग्रामीण थाने पहुंचे और तस्कर के बारे में पुलिस से पूछा तो कोई भी पुलिस कर्मचारी इस बारे में जवाब नहीं दे पाया। ग्रामीणों का आरोप है कि तस्कर रात को ही पुलिस को चकमा देकर हथकड़ी सहित रफूचक्कर हो गया।
सनौली थाना से गो-तस्कर का हथकड़ी सहित फरार होने जैसा कोई मामला मेरे संज्ञान में नहीं आया है। अगर इस प्रकार का कोई मामला है तो उसकी जांच करवाई जाएगी। इस मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
राहुल शर्मा, एसपी, पानीपत।