सहकारिता विभाग के प्रधान सचिव आलोक निगम ने चीनी मिल को गांव डाहर में शिफ्ट करने की योजना के तहत चिन्हित जमीन का दौरा कर शिफ्ंिटग की स्वीकृति दे दी।
डाहर गांव में मिल को 74.5 एकड़ में बनाया जाएगा। प्रधान सचिव आलोक निगम ने इससे पहले स्काईलार्क में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की।
इसमें शुगर फैड के एमडी एवं सहकारिता विभाग के रजिस्ट्रार सीआर राणा, डीसी अजित बालाजी जोशी, एसडीएम एवं एमडी शूगर मिल अश्वनी मलिक, एके अग्निहोत्री, एके मलिक, वीरेंद्र ढुल औरव संजीव शर्मा समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
उपायुक्त अजीत बालाजी जोशी ने बताया कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पानीपत चीनी मिल को शिफ्ट करने की घोषणा की थी। उसी के तहत मिल को शिफ्ट किया जाएगा।
चार हजार टन होगी नए चीनी मिल की क्षमता
नए चीनी मिल की गन्ना पेराई क्षमता चार हजार टन होगी और 24 मेगावाट बिजली का उत्पादन भी होगा। इसके साथ-साथ 45 केएलपीडी डिस्टलरी और एथनॉल यूनिट भी बनाई जाएगी। चीनी मिल को डाहर गांव की जमीन में शिफ्ट किया जाएगा। यहां पर पानीपत-रोहतक बाईपास के कारण मिल राष्ट्रीय राजमार्ग से भी जुड़ेगी। चौ. चरण सिंह कृषि विश्वविद्यालय एवं जनस्वास्थ्य विभाग के इंजिनियरिंग विभाग की रिपोर्ट अनुसार यहां पर जल स्तर भी सही उपलब्ध है। साइट से एचवीपीएनएल के 132 केवी सब-स्टेशन की दूरी भी तीन किलोमीटर व ड्रेन एक किलोमीटर दूर है। रेलवे स्टेशन से दूरी आठ किलोमीटर है। मिल निर्माण के लिए वन विभाग ने भी अनापत्ति प्रमाण-पत्र जारी कर दिया है।