पानीपत जिले के विद्यार्थियों को इंस्पायर योजना के तहत राशि सीधे ही उनके खातों में मिलेगी। इसके बाद विद्यार्थियों को जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में मॉडल शामिल करने के लिए राशि आने या फिर चेक वापस जाने का डर नहीं सताएगा।
विज्ञान एवं तकनीकी विभाग ने इस बार विद्यार्थियों के खाते में सीधे ही राशि डालने का फैसला लिया है। विज्ञान एवं तकनीकी विभाग के निर्देश पर जिला शिक्षा विभाग ने कमर कस ली है और स्कूल प्रमुखों की खंड स्तर पर बैठक करने का फैसला लिया है।
विज्ञान एवं तकनीकी विभाग द्वारा विद्यार्थियों के नाम पांच हजार की राशि के चेक देता है। स्कूल स्तर या बीच में नाम में गलती होते ही चेक बैंक में नहीं लग पाते थे।
ऐसे में इन चेकों को वापस भेजना पड़ता है और विद्यार्थियों का काफी समय चेक देने व वापस लेने में ही बीत जाता है। विद्यार्थी राशि समय पर हाथ में न आने पर विज्ञान प्रदर्शनी में भी भाग नहीं ले पाते थे।
इसके चलते विद्यार्थी इस योजना से पीछे हट जाते थे। शिक्षा विभाग द्वारा खंड स्तर पर स्कूल प्रमुखों की बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें शिक्षा विभाग के अधिकारी योजना और नए नियमों से अवगत कराएंगे।
यह है योजना
इंस्पायर योजना विज्ञान एवं तकनीकी विभाग की है। इसके तहत छठी से 10वीं कक्षा के हर स्कूल की हर कक्षा के एक विद्यार्थी को पांच-पांच हजार रुपये की राशि दी जाती है। यह राशि सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त, सीबीएसई और हरियाणा बोर्ड के प्राइवेट स्कूलों को दी जाती है। यह योजना 2008-09 में शुरू हुई थी।
यहां पर इस दिन होगी बैठक
खंड तारीख स्थान
पानीपत 25 मई जीएमएसएसएस, जीटी रोड
समालखा 27 मई जीएसएसएस, समालखा
मतलौडा 28 मई जीजीएसएसएस, मतलौडा
इसराना 29 मई जीएसएसएस, इसराना
बापौली 30 मई जीएसएसएस, बापौली