सनौली। गांव शहर मालपुर में महात्मा गांधी ग्रामीण बस्ती योजना के तहत पात्र लोगों को मिले प्लाटों पर कब्जा लेना बेहद मुश्किल हो गया है। प्लाटों को लेकर गांव में तनाव बना हुआ है। देर रात पात्र लोगों ने गांव के ही दबंग लोगों पर प्लाटों की नींव गिराने, उनके साथ गाली गलौच करने व गांव से बाहर निकालने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई।
ग्रामीण सुल्तान, बलबीर, रणधीर, शमशेर व सुभाष ने बताया कि शहर मालपुर गांव में महात्मा गांधी ग्रामीण बस्ती योजना के तहत पात्र लोगों को सिर ढंकने के लिए मुफ्त के प्लाट मिले हैं। पात्र लोगों को प्लाटों की रजिस्ट्री तो मिले कई साल बीत चुके हैं, लेकिन कब्जा नहीं मिल पा रहा था। प्रशासनिक अधिकारियों से समक्ष गुहार लगाने के बाद उन्हें प्लाटों की निशानदेही कर प्लाटों पर कब्जा दिया जा रहा है, लेकिन गांव के विपक्ष के लोग उन्हें प्लाटों पर कब्जा लेने नहीं दे रहे हैं।
उन्होंने बताया कि शनिवार को कुछ पात्र एससी, बीसी व अन्य परिवार के लोग अपने प्लाट की नींव भर रहे थे। आरोप है कि गांव के ही करीब दो दर्जन से ज्यादा लोगों ने उनके प्लाटों की नींव गिराने के साथ ही महिलाओं के साथ गाली गलौच करना शुरू कर दिया और गांव से निकालने की धमकी दी।
शहर मालपुर गांव से प्लाटों की नींव गिराने के साथ गाली गलौच करने व मारपीट करने की शिकायत मिली है। शिकायत के आधार पर करीब 18 नामजद लोगों समेत अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं के साथ मामला दर्ज जांच शुरू कर दी।
अशोक कुमार, प्रभारी, बापौली थाना