फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Panipat News: 2266 पंजीकरण के साथ प्रदेश में दूसरे स्थान पर पानीपत

Sat, 04 Oct 2025 12:10 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पानीपत
विज्ञापन
विज्ञापन
रवींद्र नैन
विज्ञापन


पानीपत। राष्ट्रीय साधन व योग्यता छात्रवृत्ति योजना में राजकीय व अनुदान प्राप्त विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जारी है। योग्य विद्यार्थी 15 अक्तूबर तक आवेदन कर सकेंगे। जिले में अब तक 2266 विद्यार्थी पंजीकरण करवा चुके हैं जबकि जिले से 102 विद्यार्थियों का चयन होना है। पंजीकरण कराने के मामले में पानीपत प्रदेश में दूसरे स्थान पर है। अंबाला 2299 पंजीकरण के साथ प्रदेश में पहले स्थान पर है।

आवेदन प्रक्रिया 08 सितंबर से शुरू हुई थी जो 30 सितंबर को संपन्न हुई लेकिन योजना के लिए आवेदन करने में विद्यार्थियों ने कम रुचि दिखाई जिससे आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 अक्तूबर कर दी गई। डीएनओ स्तर पर आवेदन के सत्यापन की तिथि 31 अक्तूबर तय की गई है। जिले के आठवीं कक्षा के करीब 9500 विद्यार्थियों में से अब तक करीब 2266 विद्यार्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया है।
विज्ञापन


योजना के लिए 30 नवंबर को परीक्षा करवाई जाएगी। पूरे प्रदेश में मेरिट में आने वाले विद्यार्थियों को 9वीं से 12वीं कक्षा तक प्रतिमाह एक हजार रुपये छात्रवृत्ति दी जाएगी। योजना के लिए आवेदन व परीक्षा जिला विज्ञान विशेषज्ञ संदीप कुमार की देखरेख में आयोजित की जाएगी।


ऑनलाइन आवेदन होंगे मान्य

आठवीं में पढ़ रहे विद्यार्थियों को परीक्षा के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन करना होगा। ऑनलाइन आवेदन पत्र हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी की वेबसाइट डब्ल्यूडब्लयूडब्ल्यू.बीएसईएच.ओआरजी.इन तथा एनसीईआरटी की वेबसाइट एससीईआरटी हरियाणा.जीओवी.इन पर भी आवेदन कर सकते हैं।


कौन कर सकता है आवेदन?
पात्रता मानदंड के अनुसार, ऐसे छात्र जिनके माता-पिता की वार्षिक आय 3.50 लाख रुपये से कम है और जिन्होंने कक्षा सातवीं में कम से कम 55 फीसदी अंक हासिल किए हैं, वे छात्रवृत्ति परीक्षा में बैठने के पात्र हैं। एससी और एसटी छात्रों के लिए न्यूनतम अंक की शर्त में 5 फीसदी की छूट दी गई है।

प्रदेश में 2337 पात्रों का होगा चयन

जिला विज्ञान विशेषज्ञ एवं राष्ट्रीय साधन व योग्यता छात्रवृत्ति योजना के नोडल अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि योजना परीक्षा शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार नई दिल्ली की ओर से चलाई जा रही है। इसका उद्देश्य प्रतिभाशाली व जरूरतमंद विद्यार्थियों का चयन कर उनको शिक्षित करना है। योजना में जिले के 102 तथा प्रदेश के 2337 पात्र विद्यार्थियों का चयन करने के लिए परीक्षा आयोजित की जाएगी।


दो चरणों में होगी परीक्षा

परीक्षा दो चरणों में होगी। पहले भाग में विद्यार्थी की मानसिक योग्यता को जांचा जाएगा। इसमें 90 प्रश्न होंगे और सभी 1-1 नंबर के होंगे। दूसरे चरण में सामान्य परीक्षा होगी। इसमें भी 90 प्रश्न एक-एम नंबर के होंगे। इसमें सामाजिक विज्ञान, गणित व विज्ञान के प्रश्न होंगे। परीक्षा 30 नवंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगी।
विज्ञापन



जिलावार हुए पंजीकरण-

जिला पंजीकरण

अंबाला 2299

भिवानी 950

चरखीदादरी 627

फरीदाबाद 733

फतेहाबाद 1342

गुरुग्राम 1982

हिसार 1934

झज्जर 577

जींद 1756

कैथल 1326

करनाल 1775

कुरुक्षेत्र 1553

महेंद्रगढ़ 907

नूंह 734

पलवल 1093

पंचकुला 655

पानीपत 2266

रेवाड़ी 1131

रोहतक 920

सिरसा 1989

सोनीपत 1530

यमुनानगर 1023

कुल 29102


वर्जन-

राजकीय अनुदान प्राप्त विद्यालयों के विद्यार्थी राष्ट्रीय साधन और योग्यता छात्रवृत्ति योजना परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया 15 अक्तूबर को संपन्न होगी। जिले में अब तक 2266 विद्यार्थियों ने पंजीकरण करवाया है। पंजीकरण करवाने के मामले में पानीपत दूसरे स्थान पर है। 30 नवंबर को परीक्षा करवाई जाएगी। पूरे प्रदेश में मेरिट में आने वाले विद्यार्थियों को नौवीं से 12वीं कक्षा तक प्रतिमाह एक हजार रुपये छात्रवृत्ति मिलेगी।

- राकेश बूरा, जिला शिक्षा अधिकारी, पानीपत।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें