पानीपत। गोहाना मोड़ से एनएफएल नाके तक स्टेट हाईवे को फोरलेन करने के प्रोजेक्ट का काम दो साल बाद भी 50 प्रतिशत ही पूरा हो पाया है। इसको फरवरी 2022 तक पूरा करना था लेकिन पीडब्ल्यूडी, बिजली निगम व वन विभाग में तालमेल की कमी के कारण इस प्रोजेक्ट का काम पूरा नहीं हो पाया है। अभी तक इस प्रोजेक्ट के बीच में आ रहे 17 पेड़ को काटने की अनुमति नहीं मिली है।
वन विभाग ने मार्च में मुख्यालय में इन पेड़ों को काटने की अनुमति भेजी थी। लेकिन अभी तक मामला फाइलों में ही लटका हुआ है। नतीजतन संबंधित प्रोजेक्ट पर काम की रफ्तार भी धीमी है। एक माह पहले साढ़े तीन किलोमीटर लंबे सड़क के टुकड़े को उखाड़ा गया था। सड़क के चौड़ीकरण के लिए सड़क को बीचों बीच से डिवाइडर के लिए खोदा गया है। सड़क पर सामग्री सही से चढ़ पाए इसलिए इस सड़क में गहरे गड्ढे किए गए हैं। अब ये काम अधूरा पड़ा है और एक माह से वाहन चालकों को जान जोखिम में डालकर यहां सफर तय करना पड़ रहा है। आए दिन बाइक सवार सड़क हादसों में घायल हो रहे हैं। बृहस्पतिवार रात को भी जैन राइस मिल के सामने बाइक सवार दो युवक गहरे गड्ढों में गिर कर घायल हो गए। उनको गंभीर चोटें आई हैं। बड़े वाहन अनियंत्रित होकर पलट रहे हैं। यहां जाम की स्थिति बनी रहती है।
विधायक स्पष्ट कर चुके हैं विभागों में तालमेल की कमी-
जनवरी व फरवरी में विधायक प्रमोद विज ने इस प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए तीनों विभागों के अधिकारियों की मीटिंग ली थी। तीनों विभागों के अधिकारी एक दूसरे पर जिम्मेदारी डालते रहे। बिजली निगम ने काफी दिन तक पीडब्ल्यूडी को बिजली के पोल हटाने की परमिशन नहीं दी। वन विभाग पेड़ काटने की अनुमति नहीं दे रहा है। विधायक प्रमोद विज सार्वजनिक रूप से तीनों विभागों पर प्रोजेक्ट को लटकाने का आरोप लगा चुके हैं। गोहाना रोड के सैकड़ों दुकानदार इस प्रोजेक्ट के अधर में पड़े होने से परेशान हैं। अब तय समय सीमा पर इस प्रोजेक्ट का काम पूरा होना मुश्किल ही नजर आ रहा है।
अब तक पेड़ काटने की अनुमति नहीं मिली : एक्सईएन
अक्तूबर तक प्रोजेक्ट का काम पूरा करना है। वन विभाग मुख्यालय से अब तक 17 पेड़ काटने की अनुमति नहीं मिली है। जहां पेड़ खड़े हैं वो फिलहाल काम रोकना पड़ रहा है। दूसरी जगहों पर प्रोजेक्ट पर तेजी से काम चल रहा है। हमारा प्रयास है कि समय पर प्रोजेक्ट का काम पूरा हो जाए।
- जतिन खुराना , एक्सईएन पीडब्ल्यूडी