पुलिस ने स्विफ्ट कार लूट मामले को चौबीस घंटे में बदमाशों को गिरफ्तार कर गाड़ी को बरामद कर लिया।
तीनों बदमाश पुलिस को देखकर भागने की कोशिश में थे और उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर एक पेड़ से जा टकराई। कोर्ट ने तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
विदित है कि अंकित निवासी संजय कॉलोनी शुगर मील पानीपत की बीते दिन बुड़शाम के पास कार लूट ली थी। उसने थाना समालखा पुलिस को शिकायत में बताया कि वह गाड़ी लेकर बांध गांव स्थित अपने मामा के घर गया था।
वह रात को नौल्था से गांव बुड़शाम से होते हुए हड़ताडी की तरफ आ रहा था। यहां पर बाइक सवार तीन लड़कों ने उसकी गाड़ी को रुकवा लिया और उसको डंडों के बल पर जान से मारने की धमकी देकर गाड़ी लूट ले गए। दो आरोपी गाड़ी और एक आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो गया।
समालखा थाना पुलिस ने उसकी शिकायत पर लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस प्रवक्ता अनिल कुमार ने बताया कि थाना समालखा प्रभारी रवि खुंडिया को बीती देर रात को गुप्त सूचना मिली कि कार लूट के तीनों आरोपी गांव हड़ताड़ी की तरफ आ रहे हैं।
प्रबंधक ने एएसआई कृष्ण कुमार के नेतृत्व में टीम का गठन कर बुड़शाम रोड पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। इसी वक्त पुलिस को स्विफ्ट गाड़ी आती दिखाई दी।
आरोपियों ने पुलिस नाका को देखकर गाड़ी मोड़कर भागने का प्रयास किया। आरोपियों की गाड़ी एक पेड़ से जा टकराई और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों को गाड़ी समेत पकड़ लिया।
तीनों की पहचान रमेश उर्फ सुंडा, नवीन और मोहित निवासी बुड़शाम रूप में हुई। पुलिस ने तीनों से पूछताछ की। तीनों ने बताया कि उन्होंने अपने शौक पूरे करने के चक्कर में गाड़ी लूटी थी।
वे मौका मिलने पर गाड़ी को यूपी में बेचने की फिराक में थे। पुलिस ने तीनों से गाड़ी बरामद कर कोर्ट में पेश किया। जहां से तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।