शहरी विधायक रोहिता रेवड़ी का सनौली रोड चंद्र अस्पताल के पीछे स्थित कार्यालय आग लगने से पूरी तरह से खाक हो गया। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट व एसी फटना माना जा रहा है। हादसे में एक कर्मी बाल-बाल बच गया, जबकि कार्यालय में रखी फाइल व अन्य सामान पूरी तरह से जल गया। शहरी विधायक ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं को जांचा। वहीं एसएचओ चांदनी बाग व दमकल विभाग की टीम सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गई।
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार सायं करीब सवा पांच बजे शहरी विधायक रोहिता रेवड़ी के सनौली रोड स्थित कार्यालय में अचानक आग लग गई। कार्यालय में कंप्यूटर ऑपरेटर ने भागकर अपनी जान बचाई। आग लगने की सूचना पाते ही शहरी विधायक रोहिता रेवड़ी के ससुर इंद्रजीत रेवड़ी सबसे पहले मौके पर पहुंचे। उन्होंने दूसरे लोगों के साथ मिलकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन एंटी फायर सिलेंडरों के काफी प्रयासों के बाद भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका। उन्होंने इसी सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी। दमकल विभाग की गाड़ी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और कर्मियों ने एक गाड़ी की मदद से आग पर काबू पाया। शहरी विधायक रोहिता रेवड़ी करीब साढ़े छजे कार्यालय पर पहुंची।
उन्होंने पूरे मामले की जानकारी ली। शहरी विधायक के निजी सचिव सरबजीत सिंह ने बताया कि आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं लग पाया है। प्राथमिक दृष्टता में आग शार्ट सर्किट या फिर एसी फटने से भी माना जा रहा है। वहीं ऐसा अंदेशा भी है कि आग किसी मिलने वाले की बीड़ी या फिर सिगरेट के चलते भी माना जा रहा है। उन्होंने बताया कि आग में लाखों का सामान व फाइल जल गई।
शहरी विधायक रोहिता रेवड़ी के कार्यालय में आग लगने की सूचना मिली थी। उन्होंने मौका मुआयन किया है। आग लगने के प्राथमिक कारण शार्ट सर्किट लग रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जगपाल सिंह, प्रभारी, थाना चांदनी बाग, पानीपत।