कच्ची उम्र में ही इश्क का रोग लगा बैठी एक नाबालिग लड़की अपने प्यार को परवान चढ़ाने के लिए प्रेमी संग घर से भाग गई और चंडीगढ़ हाईकोर्ट पहुंच शादी का प्रयास किया, लेकिन लड़की की उम्र कम होने के कारण उन्हें शादी की मंजूरी नहीं मिल सकी। जिसके बाद दोनों ने पुलिस प्रोटेक्शन मांगी। पुलिस ने दोनों को शेफ हाउस भेज दिया, लड़की के नाबालिग होने के कारण उसको शोंधापुर स्थित बाल अनाथालय भेज दिया गया।
अशोक विहार कालोनी निवासी 16 वर्षीय एक नाबालिग इलाहाबाद स्थित एक स्कूल में पढ़ती थी और वहीं हॉस्टल में रहती थी। करीब छह माह पहले ही वह पानीपत अपने माता-पिता के पास आई थी। बताया जा रहा है कि दिसंबर माह में लक्की नाम के लड़के के संपर्क में आई। धीरे-धीरे इन दोनों के बीच प्यार की पींगे बढ़ने लगी। दोनों ने अपने प्यार को परवान चढ़ाने के लिए शादी करने का मन बनाया और दोनों 16 दिसंबर को घर से भागकर चंडीगढ़ जा पहुंचे। जहां दोनों ने हाईकोर्ट में पहुंच कोर्ट मैरिज करने की अर्जी डाली, लेकिन लड़की की उम्र कम होने के कारण उनकी शादी नहीं हो सकी। जिसके बाद लड़की अपने प्रेमी के घर आ गई।
22 दिसंबर को दोनों ने पुलिस प्रोटेक्शन मांगी, जिसके बाद दोनों को पुलिस ने शेफ हाउस भिजवा दिया। लड़की की उम्र कम होने के कारण बाल कल्याण समिति द्वारा नाबालिग लड़की को सौंधापुर बाल अनाथालय भेज दिया गया। नाबालिग अपने घर जाने से साफ मना कर रही है, उसने बाल अनाथालय में ही रहकर अपनी पढ़ाई पूरी करने की इच्छा जताई है।
बाल अनाथालय शोंधापुर के संचालक अमरजीत नरवाल ने बताया कि बाल कल्याण समिति द्वारा एक नाबालिग को बाल अनाथालय में दाखिल करवाया गया है। यहां लड़की को हर सुविधा मुहैया करवाई जाएगी।