गांव शेरा के जिस तालाब में ग्रामीण लोग नहाते और मछली पालन करते थे। शुक्रवार को उसी तालाब में प्रदेश स्तरीय ड्रैगन बोट प्रतियोगिता का आयोजन देख ग्रामीणों का मन गदगद हो गए।
मतलौडा के गांव शेरा स्थित गुरु ब्रह्मानंद बोट क्लब में शुक्रवार को प्रदेश स्तरीय ड्रैगन बोट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के पहले दिन प्रदेश भर की 19 टीमों ने भाग लिया। हरियाणा ओलंपिक संघ के प्रदेश महासचिव बिजेंद्र सिंह लोहान ने मुख्यातिथि के तौर पर प्रतियोगिता में शिरकत की। आयोजक कमेटी के अध्यक्ष व भाजपा प्रदेश सचिव सत्यावान शेरा व मुख्यातिथि ने दीप जलाकर प्रतियोगिता का शुभारम्भ किया।
एथलेटिक संघ हरियाणा के सचिव राज कुमार, ड्रैगन बोट संघ हरियाणा के प्रधान जगदीश विर्क ने बताया कि प्रतियोगिता में महिला व पुरुष वर्ग की टीमों ने 200 मीटर रेस में हिस्सा लिया। इसमें पुरुषों की 18 व महिलाओं की 12 टीमों ने अपनी भागीदारी दी। प्रतियोगिता के पहले दिन अम्बाला, हिसार, करनाल, पानीपत, जीन्द, कैथल, झज्जर, रेवाड़ी, सिरसा, महेंद्रगढ़, रोहतक, सोनीपत, यमुनानगर, पंचकूला और हरियाणा पुलिस की टीमों ने हिस्सा लिया। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में सबसे पहला मुकाबला यमुनानगर व झज्जर की टीमों के बीच हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन के मुकाबले के बाद पुरुष टीम में पानीपत, करनाल, झज्जर व कुरुक्षेत्र की टीमों ने फाइनल रेस के लिए अपना स्थान पक्का किया। इसके साथ ही महिला व पुरुष मिक्स टीम में भी पानीपत, करनाल, झज्जर व कुरुक्षेत्र की टीम ने ही फाइनल में प्रवेश किया।