फोटो संख्या-1 और 2
यमुनानगर द्वितीय और फरीदाबाद की टीम तृतीय स्थान पर रही
मोटे अनाज के व्यंजन खाकर अंगुलियां चाटते रह गए मेहमान
अंतरराज्यीय प्रतियोगिता में छात्रों ने मोटे अनाज के बनाए अनेक व्यंजन
संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। पुराना औद्योगिक क्षेत्र स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट में मंगलवार को मोटे अनाज की अंतरराज्यीय प्रतियोगिता कराई गई। इसमें प्रदेश के होटल प्रबंधन संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने मोटे अनाज से तरह-तरह के व्यंजन बनाए। विद्यार्थियों के व्यंजन इतने लजीज थे कि मेहमान और निर्णायक भी अंगुलियां चाटते रह गए। प्रतियोगिता में होटल प्रबंधन संस्थान पानीपत की टीम प्रथम, यमुनानगर की द्वितीय और फरीदाबाद की टीम तृतीय स्थान पर रही। विजेता टीमों को ट्रॉफी और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
खाने का निरीक्षण हिमांशु राय, शेफ एपीसीए, अनिल तंवर व विजेंद्र शर्मा ने किया। कार्यकारी प्राचार्य चंदन वशिष्ठ ने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन पर्यटन विभाग के प्रधान सचिव एमडी सिन्हा के निर्देश पर किया गया। उन्होंने बताया कि टीमों ने मोटे अनाज से अनेक व्यंजन बनाए। इसमें ज्वार की रोटी, रागी की रोटी, रागी का हलवा, सामक की खीर, फ़तूस सलाद, कंगनी कचूंबर सलाद, चिना बाजरा, मोटे अनाज का कबाब, रागी की चाउमीन, ज्वार सलाद, श्रीधन्य पास्ता हमारे पुराने खाने स्वास्थ्य के लिए लाभदायक हैं। इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट पानीपत का उद्देश्य यहां के छात्र-छात्राओं को पाक कला में निपुण बनाने के साथ पारंपरिक व्यंजनों से भी अवगत कराना था।
तीन वर्षीय बीएससी व डेढ़ वर्षीय डिप्लोमा के दाखिले-
इस वर्ष के लिए तीन वर्षीय बीएससी (होटल एवं हॉस्पिटैलिटी एडमिनिस्ट्रेशन) व डेढ़ वर्षीय डिप्लोमा के दाखिले की प्रकिया शुरू की गई है। यह राष्ट्रीय होटल प्रबंध एवं कैटरिंग टेक्नोलॉजी परिषद की वेबसाइट पर उपलब्ध है। मौके पर संस्थान के आशीष सिक्का, नौबल कौशिक, सुमित गागरे, संदीप ठाकुर व नीलम रानी मौजूद रहीं।