खालसा प्रचार गुरुद्वारा संत भवन इसराना साहिब में गुरु गोबिंद सिंह के छोटे साहबजादे बाबा जोरावर सिंह व बाबा फतेह सिंह की लासानी शहादत को समर्पित सालाना समागम बड़ी धूमधाम के साथ मनाया गया। समागम में प्रदेश ही नहीं देश के कोने कोने से संगत पहुंची। इसराना साहिब के पास लगे विशाल मेले में बच्चों एवं संगत ने जमकर खरीदारी की।
संत बाबा राजेंद्र सिंह खालसा ने कहा कि हमें गुरुओं के बताए मार्ग पर चलना चाहिए। इसी में समाज की भलाई है। युवा वर्ग सकारात्मक सोच अपनाते हुए सही रास्ते पर चलें तो देश व समाज तरक्की के रास्ते पर बढ़ सकता है। युवाओं को नशे व बुराइयों से दूर रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों में अच्छे संस्कार डालने पर ही समाज के गिरते स्तर में सुधार लाया ला सकता है। धर्म की रक्षा के लिए गुरु गोबिंद सिंह के छोटे साहबजादे बाबा जोरावर सिंह व बाबा फतेह सिंह की लासानी शहादत को भुलाया नहीं जा सकता। समागम में रागी जगप्रीत सिंह पटियाला, मनिंदर सिंह श्रीनगर वाले, ढाड़ी जत्थों जुझार सिंह आजाद कथा वाचक हरपाल सिंह फतेहगढ़ साहिब ने श्री गुरु गोबिंद सिंह के छोटे साहिबजादे बाबा जोरावर सिंह व बाबा फतेह सिंह की लासानी शहादत पर प्रकाश डाला।
डीसी व एसपी भी हुए समागम में शामिल
इसराना साहिब में हुए सालाना समागम में डीसी डॉ. चंद्रशेखर खरे व पुलिस अधीक्षक राहुल शर्मा ने शामिल होकर गुरुद्वारा इसराना साहिब में मत्था टेका। संत बाबा राजेंद्र सिंह खालसा ने डीसी व एसपी को सिरोपा भेंट किया। इस मौके पर तहसीलदार जीवेंद्र मलिक, बीडीपीओ जितेंद्र शर्मा, थाना प्रभारी सुरेश पाल, दलविंद्र सिंह, गुरुदयाल सिंह, जितेंद्र सिंह, जगतार सिंह व उपकार सिंह मौजूद रहे।