पानीपत। बार एसोसिएशन के पूर्व प्रधान वेदपाल कादियान और उनके बेटे गौरव के साथ हुई कथित ज्यादती की शिकायत एसपी शशांक कुमार सावन से की गई। सोमवार को शिकायत में वेदपाल ने एएसपी पूजा वशिष्ट पर बेटे को थप्पड़ मारने का भी आरोप लगाया है। दूसरा आरोप है कि एएसपी के कहने पर पुलिसकर्मियों ने उन्हें जिप्सी में घसीटते हुए डाला और थाने में ले जाकर उनके साथ मारपीट की। एसपी ने उन्हें पूरे मामले की जांच स्वयं करने का आश्वासन दिया है।
दूसरी ओर जिला बार एसोसिएशन के प्रधान शेर सिंह खर्ब ने बताया कि पदाधिकारियों ने 12 बजे बैठक की और अगली कार्रवाई को लेकर रणनीति बनाई। दोपहर 3 बजे दोपहर को जिला बार एसोसिएशन की गवर्निंग कमेटी और अन्य सीनियर अधिवक्ता एसपी शशांक सावन से मिलकर पुलिस कर्मियों के खिलाफ शिकायत दी। वहीं पूर्व प्रधान वेदपाल कादियान और उनके बेटे गौरव के खिलाफ दर्ज एफआईआर को खारिज करने और पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
जिला बार एसोसिएशन के प्रधान शेर सिंह खर्ब , उप प्रधान अनिल सिंगला, सुनील शर्मा, कैशियर मनोज शर्मा, वेदपाल कादियान पूर्व प्रधान, परिक्षित अहलावत, कर्मबीर खोखर, सोमदत्त शर्मा, जितेंद्र जागलान, संदीप कुंडु, राजेश शर्मा अन्य वकीलों एसपी से मिलने पहुंचे और लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। प्रधान शेर सिंह खर्ब ने बताया कि उन्होंने मामले की शिकायत एसपी पानीपत, आईजी करनाल, डीजीपी हरियाणा के नाम दी है।
पूर्व प्रधान के साथ भारतीय किसान यूनियन का समर्थन
पूर्व प्रधान वेदपाल कादियान वकील होने के साथ एक किसान भी है। वह किसानों के आंदोलन में हर वक्त खड़े रहते है। पुलिस ने उनके साथ गलत किया है, किसान उनके साथ हर कदम पर खड़े है। किसानों का समर्थन वेदपाल कादियान के साथ है।
- बिंटू मलिक, जिला उपाध्यक्ष, भाकियू
मामला
गांव सिवाह के पास ओवरब्रिज के नीचे नाइट डोमिनेशन अभियान के तहत एएसपी पूजा वशिष्ट और अन्य पुलिसकर्मी नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस बीच पूर्व प्रधान वेदपाल स्कूटी से और उनका बेटा गौरव गाड़ी से खेत से अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में गौरव की गाड़ी को रुकवाकर एएसपी पूजा ने सीट बेल्ट और मास्क के बारे में पूछा। गौरव ने एएसपी से कह दिया कि मैडम मास्क तो आपने भी नहीं लगाया।
इतने में पुलिसकर्मियों ने गौरव के साथ मारपीट की, वहीं बचाने आए पूर्व प्रधान वेदपाल कादियान के साथ भी मारपीट की। आरोप है कि पुलिस ने उल्टा पिता पुत्र पर ही मारपीट करने और वर्दी फाड़ने की रिपोर्ट दर्ज की। दोनों को गिरफ्तार कर पूरी रात कस्टडी में रखा था। वकीलों को मामले का पता चला तो उन्होंने वर्क सस्पेंड कर एसपी के साथ बैठक की और मामले को खारिज करने और पुलिसकर्मी पर कार्रवाई करने की मांग की थी।
वकील वेदपाल कादियान ने शिकायत दी है, जिसकी मेरे सुपरविजन में ही जांच चल रही है, जांच में जो भी दोषी होगा उसपर कार्रवाई की जाएगी।
- शशांक कुमार सावन, एसपी पानीपत,