चिटफंड के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर एसपी कार्यालय पहुंचे लोगों ने शिकायत देकर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की। आरोप लगाया इस बारे में पुलिस को शिकायत दी थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
जीरकपुर, पंचकुला निवासी रमनदीप, बबैल रोड निवासी निलेश, नूरवाला निवासी सुरेश शर्मा, मॉडल टाउन निवासी एनके खेरा सोमवार सुबह एसपी कार्यालय पहुंचे और एसपी से मिलकर चिट फंड के नाम पर करोड़ों रुपयों की ठगी करने के आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की। रमनदीप ने बताया लीजेंड ग्रुप के नाम से हरियाणा दिल्ली, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, बिहार व यूपी में करीब 80 ब्रांच खोली गई थी। कंपनी के एमडी गांव मनाना निवासी विनोद रोहिल्ला ने अपने साथी शिवनगर निवासी विकास कौशिक के साथ मिलकर लोगों को झांसे में लिया और करोड़ों रुपये ठगने के बाद अपने कार्यालय बंद कर दिए। कंपनी का कार्यालय सलारगंज गेट व सेक्टर 25 पार्ट टू में था। कार्यालय बंद होने के बाद वह लोग लगातार अपने पैसों को लेने के लिए धक्के खा रहे हैं। आईजी, डीआईजी, एसपी व सीएम विंडो तक शिकायत दी है, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। दो दिन पहले विकास कौशिक के घर का पता लगने के बाद वे लोग उसके घर पहुंचे। वह घर पर नहीं था। उसके पिता से विनोद का पता पूछा। पता बताने की बजाय उन लोगों ने मारपीट व गाली-गलौच करने के आरोप लगाते हुए किशनपुरा चौकी पुलिस को शिकायत दे दी।
लोगों का आरोप है कि पुलिस ने उनकी शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करते हुए उनको चौकी बुला लिया। लेकिन करीब एक माह पहले उन्होंने बस अड्डा चौकी पुलिस को शिकायत दी थी, उस पर आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने मनाना निवासी विनोद रोहिला व विकास कौशिक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। एसपी राहुल शर्मा ने उनको मामले की जांच करवाने का आश्वासन दिया है।