पानीपत। गुरुग्राम में आयोजित राज्य स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी में दो स्वर्ण व एक रजत पदक के साथ पानीपत ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब जीता है।
जिला विज्ञान विशेषज्ञ संदीप संभरवाल ने बताया कि राज्य शैक्षिक अनुसंधान व प्रशिक्षण परिषद गुरुग्राम में आयोजित राज्य स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी का वीरवार को शानदार समापन हुआ। इसमें प्रदेश के सभी जिलों से विद्यार्थियों ने भाग लेकर प्रतिभा का परिचय दिया। स्थायी भविष्य के लिए विज्ञान और प्रौद्योगिकी मुख्य विषय पर आधारित प्रदर्शनी में प्रदेश सहित जिले के राजकीय व निजी विद्यालयों से होनहार विद्यार्थियों ने विज्ञान के विभिन्न मॉडल प्रस्तुत किए।
शानदार प्रदर्शन और सर्वश्रेष्ठ मॉडल बनाने के कारण राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तहसील कैंप के दो विद्यार्थियों पीयूष और संजना ने राज्य स्तर पर पहला स्थान प्राप्त कर विद्यालय व जिले का नाम रोशन किया है। पीयूष ने परिवहन व संचार तथा संजना ने संसाधन प्रबंधन उप विषय पर अपने मॉडल प्रस्तुत किए जो सर्वश्रेष्ठ रहे। वहीं, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिठाना के छात्र अर्जुन का तैयार मॉडल दूसरे स्थान पर रहा। बाल वैज्ञानिकों के इस शानदार प्रदर्शन से उक्त दोनों स्कूलों सहित जिले में खुशी का माहौल है। प्रदर्शनी में जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विजेता विद्यार्थियों व उनके गाइड शिक्षकों ने हिस्सा लिया। इस प्रदर्शनी में भाग लेने के लिए हर जिले से कक्षा छठी से आठवीं और कक्षा नौवीं से 12वीं के विद्यार्थी शामिल होते हैं।
कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी जिला विज्ञान विशेषज्ञ संदीप कुमार ने बताया कि प्रदर्शनी में शामिल जिले के सातों विद्यार्थियों ने श्रेष्ठ मॉडल प्रस्तुत कर अपने हुनर का परिचय दिया। युवा मन में वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा और नवीनता की भावना पैदा करने के मकसद से एससीईआरटी गुरुग्राम की ओर से इस प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।
प्रदर्शनी में जिले के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किए गए मॉडल
छात्र स्कूल उपविषय
अंशु जीएसएसएस काबड़ी खाद्य स्वास्थ्य और स्वच्छता।
पियुष जीएसएसएस तहसील कैंप परिवहन और संचार।
अर्जुन आरोही मॉडल व. मा. विद्यालय छाजपुर प्राकृतिक खेती।
अर्जुन जीएसएसएस सिठाना आपदा प्रबंधन।
वंश जीएसएसएस बड़ौली गणितीय मॉडलिंग और कंप्यूटेशनल सोच।
प्रिया गोस्वामी जीजीएसएसएस मॉडल टाउन अपशिष्ट प्रबंधन।
संजना जीएसएसएस तहसील कैंप संसाधन प्रबंधन।
वर्जन-1-
जिले के होनहारों ने राज्य स्तर पर सर्वश्रेष्ठ मॉडल प्रस्तुत कर जिले का नाम रोशन किया है। पानीपत की टीम पर गर्व है जिसके बलबूते यह उपलब्धि हासिल हुई है। प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी स्वाभाविक जिज्ञासा, नवाचार और आविष्कार शीलता के लिए मंच उपलब्ध करवाना है। ऐसे कार्यक्रमों से विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ता है।
- राकेश बूरा, जिला शिक्षा अधिकारी।