स्टेशन पर ट्रेनों के इंतजार में बैठे यात्री। संवाद
पानीपत। कोहरे ने रेल संचालन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। उत्तर रेलवे ने पानीपत से अंबाला के बीच चलने वाली पैसेंजर ट्रेन संख्या 64541 और अंबाला से पानीपत के बीच चलने वाली ट्रेन संख्या 64532 को 1 दिसंबर से 28 फरवरी तक रद्द कर दिया है। कोहरे के दौरान सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे हर साल कुछ ट्रेनों को अस्थायी रूप से रद्द करता है, जिनमें ये ट्रेन भी शामिल हैं।
ट्रेन रद्द रहने से रोजाना पानीपत से अंबाला की ओर आने-जाने वाले हजारों यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा। नौकरीपेशा लोगों को समय से गंतव्य पर पहुंचने में दिक्कत होगी। यात्रियों की बस और निजी वाहनों पर निर्भरता बढ़ेगी। यात्री अंजली और रजत ने बताया कि हमें स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करते हुए आधे घंटे से ज्यादा हो गया है। हमारी ट्रेन सवा एक घंटे की देरी से आ रही है।
फाजिल्का इंटरसिटी एक्सप्रेस ने एक घंटे कराया इंतजार
फाजिल्का इंटरसिटी एक्सप्रेस एक घंटा, अमृतसर इंटरसिटी एक्सप्रेस 40 मिनट और दिल्ली-पानीपत एमईएमयू एक घंटे 40 मिनट की देरी से आई। लुधियाना स्पेशल फेयर एसी स्पेशल सुपरफास्ट फेस्टिवल सवा दो घंटे, जम्मू तवी एक्सप्रेस आधा घंटा और झेलम एक्सप्रेस आधे घंटे की देरी से पहुंची। वहीं नेताजी एक्सप्रेस सवा एक घंटा, कुरुक्षेत्र-दिल्ली एमईएमयू डेढ़ घंटा और हिमाचल एक्सप्रेस आधे घंटे की देरी से आई। आम्रपाली एक्सप्रेस सवा एक घंटा, हीराकुंड एक्सप्रेस आधा घंटा और दौलतपुर चौक जन शताब्दी एक्सप्रेस आधे घंटे की देरी से आई। शान ए पंजाब 38 मिनट और नई दिल्ली-कुरुक्षेत्र एमईएमयू एक घंटा की देरी से आई।
कोहरे की वजह से सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने यह निर्णय लिया है। मौसम साफ होने के बाद ट्रेन पुन: निर्धारित समयानुसार चलाई जाएंगी। यात्री ट्रेनों की जानकारी रेलवे की वेबसाइट या हेल्पलाइन से ले सकते हैं।
-रमेश चंद्र, अधीक्षक रेलवे स्टेशन