बरसत रोड पर गांव भैंसवाल के पास स्थित कृपाल आश्रम के पास कार व बाइक की टक्कर में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। बुजुर्ग को लेकर पानीपत एक अस्पताल में दवा दिलवाने आ रहा था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
मिली जानकारी अनुसार बरसत रोड पर कार और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में कलहेड़ी निवासी ज्ञानी (85) की मौत हो गई और महेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। महेंद्र को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में दाखिल कराया। महेंद्र ने बताया कि वह बरसत रोड स्थित एक फैक्ट्री में काम करता है और वीरवार सुबह फैक्ट्री में आ रहा था।
गांव के पड़ोसी ज्ञान ने उसको पानीपत एक अस्पताल में जाने तक की लिफ्ट मांगी। वह उसको लेकर पानीपत आ रहा था। बरसत रोड पर भैंसवाल स्थित कृपाल आश्रम के पास पहुंचे तो सामने से आ रही एक कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। आरोपी चालक कार को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। राहगीरों ने उन दोनों को एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया। जहां पर पड़ोसी ज्ञानी को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और शव को शवगृह में रखवाकर परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने परिजनों व घायल के बयानों के आधार पर कार्रवाई करते हुए कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।