पानीपत। बागेश्वर धाम से पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री तीन फरवरी को पहली बार पानीपत पहुंचेंगे। वे सेक्टर-25 स्थित श्रीराम कथा अमृत महोत्सव में चार फरवरी को श्रद्धालुओं से रूबरू होंगे। इससे पहले 24 जनवरी को शोभायात्रा के बाद 25 से श्रीराम कथा का शुभारंभ होगा। यह कथा अयोध्या श्रीराम मंदिर में रामलला की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में कराई जाएगी।
अखिल भारतीय श्रीराम नाम जागरण मंच ने सेक्टर-25 मित्तल माल के नजदीक अमृत महोत्सव मनाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके आयोजन में समस्त पूर्वांचल समाज का विशेष योगदान रहेगा। इसको लेकर सेक्टर-25 स्थित एक औद्योगिक प्रतिष्ठान में सोमवार को बैठक की गई। अखिल भारतीय श्रीराम नाम जागरण मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित निर्मल शास्त्री ने बताया कि समस्त पूर्वांचल समाज पानीपत के सहयोग से श्रीराम कथा अमृत महोत्सव 25 जनवरी से चार फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। कथा व्यास आचार्य शिवम शुक्ला महाराज राम कथा में प्रभु का गुणगान करेंगे। वहीं बागेश्वर धाम से पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री चार फरवरी को श्रद्धालुओं से रूबरू होंगे। इससे पहले वे पानीपत में तीन फरवरी को पह़ंचेंगे। यह उनका हरियाणा में पहला कार्यक्रम होगा। कथा प्रतिदिन सायं तीन से सात बजे तक होगी। समस्त पूर्वांचल समाज कमेटी के जिलाध्यक्ष सुमन झा ने बताया कि श्रीराम कथा अमृत महोत्सव को लेकर 24 जनवरी को पानीपत में विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह देवी मंदिर से प्रारंभ होगी और स्काईलार्क रोड से होते हुए जीटी रोड संजय चौक, सनौली रोड, साईं बाबा चौक से होकर सेक्टर-11-12 एसडी विद्या मंदिर से होकर मित्तल मेगा मॉल स्थित कथा स्थल पर पहुंचेगी। कथा के बाद श्रद्धालुओं के लिए भंडारा लगाया जाएगा। इसका नाम भी डिनर विद ठाकुर जी रहेगा। इस मौके पर पंडित शिवधर दुबे, राज श्रीवास्तव, राजेंद्र यादव, रामदत्त दुबे, अशोक भारती व राजेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।