पांचाल समाज ने देवेंद्र पांचाल का किया सम्मान
मतलौडा। विश्वकर्मा धर्मशाला में सोमवार को पांचाल समाज की ओर से हरियाणा सरकार के लेबर एंड कंस्ट्रक्शन कोऑपरेटिव बोर्ड के चेयरमैन देवेंद्र पांचाल का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। राजेंद्र कुमार खंडेलवाल की टीम की ओर से आयोजित समारोह में समाज के लोगों ने उन्हें पगड़ी, शाल और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। देवेंद्र पांचाल ने कहा कि समाज के उत्थान के लिए वे हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। समाज के किसी भी व्यक्ति को काम होने पर वे 24 घंटे उपलब्ध रहेंगे। समाज ने उन्हें जो पगड़ी पहनाई है, उसकी मर्यादा हमेशा बनाए रखेंगे। समारोह में समालखा के मास्टर फतेह सिंह पांचाल को स्वामी भीष्म अवार्ड से सम्मानित किया गया। इसके अलावा समाज के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रहे दर्जनों लोगों को भी सम्मानित किया गया। आयोजक राजेंद्र कुमार खंडेलवाल ने मुख्य अतिथि का आभार जताया। इस अवसर पर श्री विश्वकर्मा पांचाल सभा के चेयरमैन विनोद पांचाल, जिला अध्यक्ष विपिन पांचाल, अखिल भारतीय विश्वकर्मा पांचाल महासभा के अध्यक्ष चमन लाल पांचाल और श्री विश्वकर्मा मंदिर सभा गोहाना रोड के प्रधान राजकुमार पांचाल मौजूद रहे।