पानीपत। सिवाह गांव स्थित उज्जवल वाटिका में रविवार की सुबह पेंट करते समय हाईटेंशन तारों से लोहे की पाइप टकराने से दिवाना गांव के पेंटर मोनू (34) की मौत हो गई। सेक्टर-29 थाना पुलिस ने शव को शवगृह में रखवा दिया है।
परिजनों ने बताया कि मोनू पेंट का काम करता था। वह रविवार सुबह सिवाह गांव की एक वाटिका में काम करने गया था। काम के दौरान उसके हाथ में लोहे का एक लंबा पाइप था। लोहे का पाइप ऊपर से गुजर रही 11 केवी की हाईटेंशन बिजली लाइन से छू गया। मोनू करंट लगने से गंभीर रूप से झुलस गया। उनको एक निजी अस्पताल दाखिल कराया। यहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि मोनू पेंट का काम कर अपने परिवार का पोषण करता था और पूरे घर की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। उनका 10 साल का एक बेटा है। उन्होंने करीब तीन साल पहले दूसरी शादी की थी। परिवार में मातम छाया हुआ है। सेक्टर-29 थाना पुलिस के प्रभारी रोबिन ने बताया कि पुलिस ने शव को शवगृह में रखवा दिया है। पुलिस सोमवार को पोस्टमार्टम कराएगी।