पानीपत। दिल्ली-अंबाला ट्रैक पर बारिश का पानी भरने से रेल सेवाएं मंगलवार को प्रभावित रही। मंगलवार अलसुबह से ही रेलवे ने ट्रैक पर जलभराव के कारण अप और डाउन रूट की 20 से अधिक ट्रेन को रद्द कर दिया गया। वहीं करीब 15 ट्रेन भी देरी से पहुंची। स्टेशन पर ट्रेन आने का इंतजार कर रहे अधिकतर यात्री अपने सामान सहित अन्य वाहनों की तलाश में जाते दिखे। खासकर लंबी दूरी की यात्रा पर निकले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय रेलवे अधिकारियों के मुताबिक पानीपत से होकर गुजरने वाली अप रूट की पठानकोट सुपरफास्ट एक्सप्रेस, हरिद्वार एक्सप्रेस, फाजिल्का इंटरसिटी एक्सप्रेस, पानीपत एक्सप्रेस स्पेशल, होशियारपुर एक्सप्रेस, दिल्ली-पानीपत मेमू एक्सप्रेस स्पेशल और डाउन रूट की न्यू जनशताब्दी एक्सप्रेस, दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस, न्यू-दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस, पश्चिम सुपरफास्ट एक्सप्रेस, आम्रपाली एक्सप्रेस, दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस, मालवा सुपरफास्ट एक्सप्रेस, स्वराज एक्सप्रेस, एकता एक्सप्रेस, न्यू दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस, शान-ए-पंजाब, जम्मू मेल रद्द रही। सहारनपुर रूट पर मंगलवार को ट्रेन का संचालन बंद रहा। वहीं अप रूट की उधमपुर अमरनाथ स्पेशल ट्रेन 3:36 घंटे, सचखंड एक्सप्रेस 1:16 घंटे, जम्मू-तवी एक्सप्रेस 1:49 घंटे, झेलम एक्सप्रेस 2:03 घंटे की देरी से पहुंची। डाउन ट्रैक की टाटानगर एक्सप्रेस 4:32 घंटे, झेलम एक्सप्रेस 1:44 घंटे की देरी से पहुंची। ट्रेन लेट और रद्द होने की अनाउंसमेंट सुन कुछ यात्री मायूस होकर लौट गए। वहीं कुछ यात्री रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म व प्रतीक्षालय में अगली ट्रेन आने का इंतजार करते दिखे।
पानीपत-चंडीगढ़ रूट पर स्थानीय रोडवेज डिपो की 10 बसें चलती है। जो मंगलवार को शंभू बॉर्डर और इससे आगे के क्षेत्रों में जलभराव होने के कारण अन्य रूटों पर भेज दी गई। पंजाब रूट पर जाने वाली बसों का संचालन भी सुबह 10 से 12 बजे तक बंद रहा। जो बाद में स्थिति सामान्य होने पर फिर से शुरू कर दिया गया।