संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। मौसम में बदलाव के साथ वायरल बुखार, खांसी-जुकाम समेत अन्य बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। दो दिन बाद सोमवार को जिला नागरिक अस्पताल की ओपीडी खुली तो मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी। सोमवार को कुल 1770 मरीज ओपीडी में पहुंचे, जिनमें करीब 720 नए मरीज और 1050 फॉलोअप वाले मरीज थे।
फिजिशियन के अवकाश पर होने के कारण करीब 150 मरीजों को बिना जांच और दवा के लौटना पड़ा। वहीं, करीब 300 मरीजों की जांच एनसीडी विशेषज्ञ डॉ. प्रीति ने की और उन्हें दवा दी। अस्पताल में बार-बार बिजली कटौती ने भी मरीजों की परेशानी बढ़ा दी। करीब दो घंटे तक बिजली की आंख-मिचौली के दौरान गर्मी में मरीज परेशान नजर आए।
फिजिशियन के अवकाश पर होने से खांसी-जुकाम, वायरल बुखार, काला पीलिया, पेट और हृदय रोग से संबंधित मरीजों को सबसे अधिक परेशानी हुई। सोमवार को फिजिशियन को दिखाने पहुंचे करीब 300 मरीजों की एनसीडी विशेषज्ञ डॉ. प्रीति ने जांच की। कमरा नंबर तीन के बाहर मरीजों की लंबी लाइन लगी थी, जिसके चलते कई मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ा। खून की जांच रिपोर्ट दोपहर एक बजे के बाद मिली। तब तक उन्हें अस्पताल में ही इंतजार करना पड़ा।
अस्पताल में बार-बार बिजली जाने से मरीजों को गर्मी में परेशानी उठानी पड़ी। मरीजों के अनुसार सोमवार को करीब दो घंटे तक रुक-रुककर बिजली कटौती होती रही। बिजली जाने के दौरान सेंट्रल एसी बंद हो जाने से मरीज गर्मी में परेशान नजर आए।
बिजली जाने पर अस्पताल के पंखों का कनेक्शन जनरेटर से किया गया है। इससे बिजली कटौती के दौरान पंखे चलते रहते हैं। फिजिशियन के अवकाश पर होने के कारण दूसरे चिकित्सक की ड्यूटी लगाई गई है।
डॉ. विजय मलिक, सीएमओ
कई दिनों से बुखार और खांसी है। सुबह करीब साढ़े आठ बजे अस्पताल पहुंचा पर घंटों लाइन में लगना पड़ा। -हरीश, भावना कॉलोनी।
हरीश। संवाद- फोटो : Samvad