आशा वर्करों और एएनएम को स्वास्थ्य विभाग के कार्यक्रमों की दी ऑनलाइन ट्रेनिंग
-ट्रेनिंग में 139 स्वास्थ्य कर्मियों ने लिया भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
इसराना। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ आमजन तक समय पर पहुंचाने के उद्देश्य से ब्लॉक नौल्था की आशा वर्करों और एएनएम के लिए ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन एनसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल इसराना के ऑडिटोरियम में किया गया। इसमें स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
मुख्यातिथि एनसी मेडिकल कॉलेज के अध्यक्ष डीवी गुप्ता रहे। उनके कार्यक्रम में पहुंचने पर सीएचसी नौल्था से डॉ. दिनेश बिंद्रा, पीएचसी इसराना से डॉ. अनामिका अहलावत और राकेश फार्मेसी ऑफिसर ने बुके देकर उनका स्वागत किया।
मुख्यातिथि डीवी गुप्ता ने कहा कि सरकार की ओर से स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए इस प्रकार की ट्रेनिंग मुहिम चलाई जा रही है। आशा वर्करों और एएनएम को प्रशिक्षित करने से वे ग्रामीण स्तर पर लोगों को स्वास्थ्य योजनाओं के प्रति जागरूक कर सकेंगी और जरूरतमंद लोगों तक समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में 109 आशा वर्करों और 30 एएनएम सहित 139 स्वास्थ्य कर्मियों ने भाग लिया। इस दौरान उन्हें स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न कार्यक्रमों, योजनाओं और उनकी कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी गई। इस मौके पर सीएचसी नौल्था से डॉ. दिनेश बिंद्रा, पीएचसी इसराना से डॉ. अनामिका अहलावत, राकेश फार्मेसी ऑफिसर, पीएचसी मांडी से डॉ. दीप्ति, डॉ. महेंद्र सिंह, डॉ. संतलाल वर्मा व डॉ. अच्छेस सिंहमार मौजूद रहे।
20