समालखा। सीआईए थ्री पुलिस टीम ने किवाना गांव में श्मशान घाट के पास एक युवक को पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी कि पहचान चुलकाना गांव के निखिल उर्फ जतिन के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना समालखा में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर शुक्रवार को पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया।
सीआईए थ्री प्रभारी विजय ने बताया कि उनकी टीम वीरवार शाम को गश्त के दौरान किवाना गांव में थी। टीम को गुप्त सूचना मिली कि चुलकाना गांव निवासी निखिल उर्फ जतिन चुलकाना से किवाना गांव की ओर पैदल आ रहा है, उसके पास अवैध हथियार होने की संभावना है। पुलिस टीम ने श्मशान घाट के पास नाकाबंदी शुरू कर दी। एक युवक चुलकाना की ओर से पैदल आता दिखाई दिया। युवक पास आने पर सामने खड़ी पुलिस टीम को देखकर मुड़कर तेज कदमों से चलने लगा। पुलिस ने उसे काबू कर तलाशी ली तो पेंट की जेब से एक पिस्तौल बरामद हुआ। देसी पिस्तौल को खोलकर जांच की तो अनलोड मिला। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसको अवैध हथियार रखने का शौक है। हथियार रखने का शौक पूरा करने के लिए वह उक्त देसी पिस्तौल करीब एक महीना पहले यूपी के शामली में एक अज्ञात युवक से छह हजार रुपये में खरीदकर लाया था।