पानीपत। अवैध खनन को रोकने बबैल गांव गई खनन विभाग व पुलिस की टीम पर 22 अगस्त को हमला करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान संदीप निवासी बबैल गांव के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके बाकी साथियों के बारे में उससे पूछताछ कर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। अब पुलिस बाकी आरोपियों की धरपकड़ में जुटी है।
खनन विभाग के खनन रक्षक ललित कुमार ने बताया कि वह 22 अगस्त दोपहर तीन बजे बबैल रोड पर गश्त कर रहे थे। उसके साथ खनन रक्षक कर्मबीर, खनन रक्षक नितेश, एएसआई ब्रहम प्रकाश व हवलदार सुरेंद्र था। वह बबैल गांव के पास गाड़ी खड़ी कर वाहनों पर नजर रखे हुए थे। उन्हें दो ट्रैक्टर ट्राली रेत से भरी हुई आते दिखाई दी। उन्होंने ट्रैक्टर चालक को रोका और उनसे रेत को ले जाने की अनुमति पर्ची मांगी। इनके पास पर्ची नहीं मिली। उन्होंने दोनों ट्रैक्टर ट्राली को मौके पर ही सीज कर दिया था। वह दोनों ट्रैक्टर ट्राली को सेक्टर 13-17 पुलिस थाना में लेकर जा रहे थे। बबैल गांव से 200 मीटर दूर उनकी गाड़ी के सामने एक ऑटो कार चालक ने कार अड़ा थी। उनके पीछे दो मोटरसाइकिल पर छह युवक भी थे। इनके हाथ में लाठी डंडे व गंडासी थी। इन्होंने उनके साथ मारपीट की और जबरदस्ती ट्रैक्टर ट्राली को छुड़वा लिया था। इन्होंने यहां कार्रवाई करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी।
वर्जन-
सेक्टर 13-17 पुलिस थाना प्रभारी हिमांशु ने बताया कि पुलिस व खनन विभाग के अधिकारियों पर हमला करने के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी आरोपियों की धरपकड़ की जा रही है।