माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। रक्षाबंधन के दिन दो बहनों के इकलौते भाई की सड़क हादसे में मौत हो गई। थाना पुराना औद्योगिक क्षेत्र के अंतर्गत काबड़ी रोड पर शुक्रवार दोपहर बाद तेज रफ्तार कैंटर ने मोटरसाइकिल सवार गौरव (16) को टक्कर मार दी। हादसे में गौरव सड़क पर गिर गया और कैंटर का पहिया उसके ऊपर से उतर गया। गंभीर हालत में उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
हादसा उस समय हुआ जब गौरव का चचेरा भाई नवीन रक्षाबंधन के लिए मिठाई लेने जा रहा था। उसकी आंखों के सामने ही कैंटर ने गौरव की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। नवीन के अनुसार, गौरव को बुखार था और वह दवा लेने के लिए घर से निकला था। गौरव के पिता मैनपाल दिल्ली में काम करते हैं। पिता के घर लौटने का इंतजार करते हुए गौरव ने अपनी बहनों से राखी भी नहीं बंधवाई थी।
काबड़ी रोड स्थित भारत नगर निवासी नवीन ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे वह रक्षाबंधन के लिए मिठाई लेने निकला था। इसी दौरान उसका चचेरा भाई गौरव भी बुखार की दवा लेने के लिए मोटरसाइकिल से घर से निकला।
काबड़ी रोड पर पेट्रोल पंप के सामने पहुंचने पर आगे चल रही गौरव की मोटरसाइकिल को तेज रफ्तार कैंटर ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से गौरव सड़क पर गिर गया और कैंटर का पहिया उसके ऊपर से उतर गया।
हादसे के बाद नवीन ने राहगीरों की मदद से गौरव को तुरंत पास के निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद कैंटर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर भाग गया। पुलिस ने कैंटर को कब्जे में ले लिया है।
थाना प्रभारी अरविंद ने बताया कि नवीन की शिकायत पर कैंटर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। चालक की तलाश के लिए पुलिस टीम लगाई गई है।
बहन बोली- अब किसकी कलाई पर बांधेंगे राखी
गौरव की दो छोटी बहनें हैं। 15 वर्षीय काजल और दो वर्षीय दिव्या। भाई की मौत के बाद काजल का रो-रोकर बुरा हाल है। काजल ने बताया कि वह सुबह से ही गौरव से राखी बंधवाने की बात कह रही थी, लेकिन गौरव पिता के आने का इंतजार कर रहा था। वह बार-बार कह रहा था कि पापा आएंगे, तभी राखी बंधवाऊंगा। काजल ने रोते हुए कहा, -रक्षाबंधन के दिन ही हमारा भाई चला गया। अब हम किसकी कलाई पर राखी बांधेंगे। इकलौते बेटे की मौत से मां पूनम भी बेसुध हैं। घर में रक्षाबंधन की खुशियों की जगह मातम पसरा है।