पानीपत। पानीपत के बाबरपुर रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर गुरु नानकपुर लिखने के सोशल मीडिया पर वायरल फोटो रेलवे के स्थानीय अधिकारियों ने नकार दिया है। अधिकारियों ने रेलवे स्टेशन का नाम बदलने से संबंधित कोई नोटिफिकेशन तक न आने की बात कही है।
उल्लेखनीय है कि पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज ने नगर निगम सदन की बैठक में 2022 में बाबरपुर मंडी का नाम बदलकर नानकपुर रखने का प्रस्ताव रखा था। सदन ने इसको पास कर दिया था। नगर निगम अधिकारियों ने बैठक की कार्रवाई रिपोर्ट निदेशालय भेजी थी। इसके आधार पर बाबरपुर मंडी का नाम नानकपुर रखा जाना है।
गत कई दिनों से दिल्ली-अंबाला रेल लाइन स्थित बाबरपुर रेलवे स्टेशन का नाम नानकपुर रखने का एक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। स्थानीय निवासी राजेंद्र कुमार ने बताया कि बाबरपुर मंडी का नाम वर्षों पुराना है। इसके मुख्य द्वार पर बाबरपुर मंडी और रेलवे स्टेशन का नाम बाबरपुर आज भी है। लोगों को इस तरह के भ्रम नहीं फैलाने चाहिए। बाबरपुर रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर कमल ने बताया कि नाम बदलने की बात सोशल मीडिया पर ही देखी है। वे इसको लेकर खुद हैरान हैं।
फोन कर लोग ले रहे जानकारी : सोशल मीडिया पर वायरल फोटो देख लोग अधिकारियों के अलावा बाबरपुर के लोगों को फोन कर जानकारी ले रहे हैं। लोग यह सुनकर खुद हैरान रहते हैं। गत दिनों वायरल फोटो देखकर विधायक ने भी रेलवे के स्थानीय अधिकारियों को फोन किया था। उन्होंने अधिकारियों से इस बारे में बात भी की। इसके बाद उनको सच्चाई का पता चला।