संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। विश्वकर्मा जयंती पर बुधवार को गोहाना रोड स्थित श्री विश्वकर्मा मंदिर में हवन कर 101 बुजुर्गों व प्रतिभावान व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। मुख्यातिथि पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज और विशिष्ट अतिथि मेयर कोमल सैनी, डीएफएससी नीतू जांगड़ा, पार्षद रोकी गहलोत, तरुण तावड़ा और हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य मोहनजीत सिंह रहे।
विधायक प्रमोद विज ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा की शिक्षाओं से समाज निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने श्री विश्वकर्मा सामुदायिक केंद्र का निर्माण पूरा कराने की घोषणा की। मेयर कोमल सैनी ने कहा कि विश्वकर्मा समाज उनका परिवार है और उन्होंने गोहाना मोड़ पर भगवान विश्वकर्मा द्वार बनाने का आश्वासन दिया। पार्षद रोकी गहलोत ने समाज की जिम्मेदारियों को निभाने का भरोसा दिया।
टीवी कलाकार मनोज पांचाल व शिवम पांचाल ने भजनों की प्रस्तुति दी। इसके अलावा राज नगर स्थित श्री विश्वकर्मा मंदिर धर्मशाला और हरिसिंह कॉलोनी स्थित श्री विश्वकर्मा मंदिर में विश्वकर्मा जयंती मनाई। हवन कर भंडारा लगाया। इससे पहले श्री विश्वकर्मा मंदिर सभा के प्रधान राजकुमार पांचाल, महासचिव सुभाष जांगडा, कोषाध्यक्ष संजय धीमान, प्रबंधक राजेंद्र पांचाल भंड़ारी, संरक्षक रोशन लाल धीमान ने अतिथियों का स्वागत किया। मौके पर डाॅ. राजकुमार जांगड़ा, विनोद पांचाल, रमेश धीमान, पूर्व प्रधान रघुबीर धीमान, कश्मीरी लाल धीमान व धर्म सिंह धीमान मौजूद रहे।