पानीपत। मौसम में आए बदलाव और उमस के कारण जिले में मौसमी बीमारियों का प्रकोप बढ़ने लगा है। शनिवार को जिला नागरिक अस्पताल की ओपीडी में 1550 मरीज पहुंचे। इनमें से करीब 350 मरीज अकेले मौसमी बीमारियों जैसे आंख कान, गले में संक्रमण, तेज खांसी और बुखार से पीड़ित थे। कई मरीजों ने बताया कि फार्मेसी पर दवा न मिलने पर उन्हें बाहर से खरीदनी पड़ी।
ओपीडी पर्ची काउंटर से लेकर डॉक्टरों के कमरों और फार्मेसी के बाहर लंबी-लंबी कतार लगी रही। अशोक विहार कॉलोनी के नूर हसन ने बताया कि उनको पिछले दो दिन से बुखार था। वे शनिवार सुबह आठ बजे अस्पताल आए थे। पंजीकरण के बाद चिकित्सक का परामर्श लिया। उनको फार्मेसी पर चार में से दो दवा मिली। उनको दो दवा बाहर से खरीदनी पड़ी। किशनपुरा की आरजू ने बताया कि अस्पताल में पंजीकरण से लेकर दवा लेने में तीन से चार घंटे का समय लग जाता है।
मौसम बदलने के कारण अचानक ओपीडी में मरीजों, विशेषकर खांसी-बुखार के रोगियों की संख्या बढ़ी है। अस्पताल में ज्यादातर जरूरी दवा उपलब्ध हैं। कुछ विशेष साल्ट की कमी की बात सामने आती है तो उसे पूरा कराया जाएगा। अस्पताल में मरीजों को परेशान नहीं होने दिया जाएगा।
डॉ. विजय मलिक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी।