बिजली निगम का अधीक्षक अभियंता कार्यालय।
अंबाला सिटी। बिजली चोरों पर बिजली निगम की ओर से शिकंजा कसा जाएगा। निगम की ओर से शहर व ग्रामीण क्षेत्र में बिजली चोरी को लेकर चेकिंग की जाएगी, इसके लिए निगम की ओर से अभियान शुरू हो गया है।
निगम की ओर से 30 लाख रुपये की चोरी पकड़ी गई है। निगम के निशाने पर वह उपभोक्ता हैं, जिनका बिजली बिल पहले ज्यादा आता था, लेकिन कुछ महीनों से उस बिजली बिल की राशि में कमी देखी जा रही है, ऐसे बिजली कनेक्शन का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है और उसके बाद दबिश दी जा रही है।
निगम टीम सुबह व शाम में दे रही दबिश : बिजली निगम की ओर से फील्ड में कई टीम सक्रिय हो गई हैं। इन टीम ने सुबह तड़के और शाम को चेकिंग बढ़ा दी है। बिजली निगम के अधीक्षक अभियंता वीके गोयल ने बताया कि सभी एक्सईएन और एसडीओ को निर्देश दिए गए हैं कि चेकिंग को बढ़ाया जाए ताकि बिजली चोरी करने वाले लोगों पर शिकंजा कसा जा सके। उन्होंने बिजली बिल के डिफाल्टर से भी राशि की रिकवरी करने के निर्देश दिए हैं।