पानीपत। स्वास्थ्य विभाग लगातार अपनी सेवाओं का विस्तार कर रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने जिला नागरिक अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में ह्दय रोगियों का इलाज के लिए सी पैप मशीन लगाई है। इस मशीन से ह्दय रोगियों को सांस लेने में मदद मिलेगी। पिछले कुछ समय में अचानक ह्दय रोगी बढ़े हैं। संसाधनों के अभाव में पहले यहां से अधिकतर रोगियों को खानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया जाता था।
उल्लेखनीय है कि इस साल इमरजेंसी वार्ड में लगभग 52 मरीज इलाज के लिए आ चुके हैं। इससे पहले स्वास्थ्य विभाग ने एसएनसीयू वार्ड में भी दो सी पैप मशीन इंस्टॉल की थी। इससे वहां रेफरल में अचानक कमी आई है। इमरजेंसी वार्ड को अत्याधुनिक बनाए जाने से ह्दय रोगियों को राहत मिलेगी। इस संबंध में प्रभारी इमरजेंसी मेडिसिन डॉ. सुखदीप कौर ने बताया कि इमरजेंसी में ह्दय रोगियों के लिए सी पैप मशीन इंस्टॉल की जा रही है। इसकी यहां बहुत जरूरत थी। दिल के मरीजों के लिए यह काफी कारगर साबित होगी। इसके अलावा इमरजेंसी वार्ड के पीछे आईसीयू वार्ड तैयार किया जा रहा है।
आईसीयू वार्ड छह बेड का बनाया है। अब यहां छह वेंटिलेटर इंस्टॉल किए जा रहे है। इसमें 12 बी पैप व सी पैप मशीनें लगेंगी। मुख्यमंत्री नायब सैनी छह जुलाई को आईसीयू का उद्घाटन करेंगे। इसको लेकर तैयारी जोरों पर हैं। यहां पर 20 स्वास्थ्य कर्मियों का स्टाफ रहेगा। स्टाफ को वेंटिलेटर चलाने का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। आईसीयू में दो बेड पर एक नर्सिंग ऑफिसर तैनात रहेंगी। इमरजेंसी वार्ड के पास ही पीडियाट्रिक हाई डिपेंडेंसी यूनिट भी तैयार की गई है। इसमें छह वेंटिलेटर लगाए गए हैं। यहां पर गंभीर बाल रोगियों का इलाज होगा। पीएचडीयू तैयार होने से एसएनसीयू वार्ड का भार कम होगा। यहां से नवजातों को रेफर नहीं करना पड़ेगा।