पानीपत। बिजली निगम ने गेहूं की कटाई के दौरान शार्ट सर्किट से आग की घटनाओं को रोकने के लिए खेतों के फीडरों की बिजली सप्लाई दिन के समय बंद कर दी है। ऐसे में सुबह सात से शाम के सात बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। बिजली निगम ने खेतों के फीडरों का नया शेड्यूल जारी कर दिया है। जिले में ऐसे 248 फीडरों की बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
गेहूं की हाथ से कटाई का कार्य कई दिन से चल रहा है। अब दो दिन से कंबाइन के साथ गेहूं की कटाई का कार्य चल रहा है। गेहूं की फसल भी पूरी तरह से पक गई है। ऐसे में आग की घटना होने का डर बना हुआ है। पिछले सालों बिजली की तारों की चिंगारी से कई बार आग की घटना हुई है। बिजली निगम ने इन सब घटनाओं को रोकने के लिए दिन के समय खेतों की सप्लाई बंद करने का फैसला लिया है।
किसान सुबह व शाम भर सकेंगे
किसानों के सामने गेहूं कटाई के दौरान बिजली न आने पर पेयजल की समस्या पैदा हो गई है। ऐसे में किसानों को दिन के समय दूर गांव या अन्य स्रोतों से पानी लाना पड़ता है। वहीं निगम अधिकारियों का कहना है कि किसान सुबह सात से पहले या फिर शाम को सात बजे के बाद अपना पेयजल टंकी या मटकों में भर सकते हैं। गेहूं कटाई का कार्य पूरा होते ही बिजली सामान्य रूप से सुचारु की जाएगी।
वर्जन :
सर्कल के अंतर्गत 248 फीडर कृषि आधारित हैं। गेहूं के सीजन में आग की घटनाओं को देखते हुए दिन के समय खेतों की सप्लाई बंद की है। धर्म सुहाग, एसई, बिजली निगम।