माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। जिले को 250 व्यावसायिक सिलिंडर का कोटा मिला है। यह कोटा लड़की की शादी, अस्पताल और स्कूल व कॉलेज हॉस्टल के लिए दिया जाएगा। इसके साथ होटल के लिए 10 प्रतिशत और कोटा मिला है।
व्यावसायिक सिलिंडर जिला स्तरीय कमेटी की मंजूरी पर दिया जाएगा। व्यावसायिक सिलिंडर का कोटा मंगलवार को देना शुरू किया जाएगा। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग इसके प्रयोग पर नजर रखेगा। साथ ही घरेलू सिलिंडर की कालाबाजारी रोकने के लिए नोडल अधिकारी मंगलवार को संदिग्ध स्थानों पर दबिश देंगे। इन सबके बीच घरेलू सिलिंडर की मांग कम नहीं हो पा रही है। ऑनलाइन बुकिंग की साइट दिन में 15 से 20 बार क्रैश हो रही है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जिले में व्यावसायिक सिलिंडर की आपूर्ति किल्लत होते ही बंद कर दी थी। किसी को भी व्यवसायिक सिलिंडर नहीं मिल रहा है। ऐसे में होटल और ढाबे बंद हो गए हैं। शादी समारोह के लिए भी सिलिंडर न मिलने पर लोगों को परेशानी हो रही है। इन सबको देखते हुए व्यवसायिक सिलिंडर का कोटा जारी किया गया है। जिले में हर रोज 250 सिलिंडर का कोटा दिया है।होटल के लिए 10 प्रतिशत कोटा और बढ़ाया है। डीएफएससी दिव्या ने बताया कि व्यावसायिक सिलिंडर का कोटा मंगलवार को देना शुरू किया जाएगा।