माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एचएसपीसीबी) ने प्रशासन की सख्ती के बाद प्रदूषण फैलाने वाली फैक्टि्रयों पर कार्रवाई तेज कर दी है। एचएसपीसीबी ने पुराना औद्योगिक क्षेत्र में एचपी वूल टैक्स को नोटिस थमा दिया है। फैक्टरी मालिक पर प्रदूषण फैलाने के आरोप हैं। फैक्टरी मालिक को 15 दिन में जवाब देना होगा। ऐसी स्थिति में फैक्टरी सील की जा सकती है।
उपायुक्त हरीश कुमार वशिष्ठ ने मंगलवार को पुराना औद्योगिक क्षेत्र का निरीक्षण किया था। उन्होंने यहां पानी निकासी के साथ जल शोधित यंत्र के लिए मौका देखा था। पुराना औद्योगिक क्षेत्र में एक फैक्टरी की चिमनी से काला धुआं निकल रहा था। उपायुक्त ने एचएसपीसीबी के अधिकारियों को मामले में संज्ञान लेने के निर्देश दिए थे। इसके साथ शहर में इस तरह पर्यावरण प्रदूषण फैलाने वाली फैक्टि्रयों पर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। एचएसपीसीबी के अधिकारियों ने फैक्टरी की पहचान एचपी वूल टैक्स के रूप में की। अधिकारियों ने फैक्टरी मालिक नोटिस देकर जवाब मांगा है। वहीं फैक्टरी मालिक ने बताया कि फैक्टरी में नियमानुसार काम किया जा रहा था। इसमें प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मानक पूरे किए जा रहे हैं।
बोर्ड के सदस्य सचिव दे चुके हैं चेतावनी
शहर समेत जिले में करीब 37 हजार छोटी बड़ी औद्योगिक इकाई हैं। एचएसपीसीबी के सदस्य सचिव ने पिछले सप्ताह पानीपत में उद्यमियों के साथ बैठक की थी। उन्हाेंने उद्यमियों को प्रदूषण रोकने के लिए मानकों की पालना करने की बात कही थी। इसके बाद कमी मिलने पर कार्रवाई करने की चेतावनी दी थी।
वर्जन :
पुराना औद्योगिक क्षेत्र स्थित एचपी वूल टैक्स को प्रदूषण फैलाने पर नोटिस दिया गया है। फैक्टरी मालिक को 15 दिन में जवाब देना होगा। संतोषजनक या समय पर जवाब न मिलने पर फैक्टरी को सील कर दिया जाएगा। शहर की दूसरी फैक्टि्रयों की भी जांच की जाएगी।
कुलदीप सिंह, ईई, एचएसपीसीबी।