माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। जिले की 12 अनाज मंडियों समेत खरीद केंद्रों पर गेहूं की भरपूर आवक शुरू हो चुकी है। वहीं खरीद कहीं शुरू हो चुकी है तो कहीं बंद पड़ी है। एक अप्रैल से गेहूं खरीद के सरकार के दावे भी धूमिल नजर आ रहे हैं। हालांकि पानीपत अनाज मंडी में सबसे ज्यादा खरीद हुई। सनौली-बापौली और मतलौडा की अनाज मंडियों में किसानों का एक दाना भी नहीं बिक सका। समालखा अनाज मंडी में तो खुद एसडीएम ने मौके पर पहुंच गेहूं की नमी की जांच करवाई और खरीद शुरू कराई।
पिछले दो दिनों में पानीपत अनाज मंडी में करीब 10 हजार टन गेहूं की खरीद हुई है। सोमवार को करीब 2500 टन और मंगलवार को करीब 7500 टन की खरीद हुई है। आवक करीब 1700 टन तक की बताई जा रही है। वहीं, बाबरपुर मंडी में अब तक करीब 800 टन गेहूं की आवक में से करीब 439 टन गेहूं की खरीद हो चुकी है। बाकी कुछ टन गेहूं में नमी बता छोड़ा गया है। जिसे अधिकारी बुधवार को खरीदने की बात कह रहे हैं। पानीपत में हैफेड ने गेहूं खरीद की है। मार्केट कमेटी सचिव आशा का कहना है कि उन्होंने मंडी में हुई आवक का ज्यादातर गेहूं खरीद लिया है।
वहीं एसडीएम अमित कुमार ने मंगलवार को समालखा मंडी में पहुंच कर गेहूं की खरीद शुरू करवाई। मंगलवार को खरीद एजेंसी एफसीआई (खाद्य एवं आपूर्ति विभाग) द्वारा कुल 2040 क्विंटल गेहूं की खरीद की और 190 क्विंटल गेहूं की प्राइवेट खरीद हुई। इस तरह कुल 2230 क्विंटल गेहूं की खरीद हुई। बाकी गेहूं में नमी ज्यादा होने के कारण नहीं खरीदा जा सका।
बापौली मंडी में डेरा डाले हैं किसान
बापौली। अनाज मंडी बापौली में गेहूं की खरीद न होने के कारण किसानों को परेशानी हो रही है। किसान संदीप, राजवीर, मदन, अनिल, दीपक, रामकुमार आदि का कहना है कि कई दिनों से बापौली की अनाज मंडी में गेहूं की फसल लेकर आए हुए हैं। अभी तक हमारी फसल की खरीद नहीं की गई । हम मंडी में फसल का पहरा दें या बची हुई फसल का कम करें। बापौली मंडी सचिव सुंदरलाल का कहना है कि खरीद एजेंसी से बात कर ली है और जल्द ही खरीद शुरू कर दी जाएगी । अभी गेहूं में नमी होने के कारण गेहूं की खरीद नहीं हो सकी। संवाद
मतलौडा में 500 क्विंटल गेहूं की आवक
मतलौडा। मतलौडा अनाजमंडी में मंगलवार को गेहूं की आवक शुरू हो गई है लेकिन खरीद शुरू नहीं हो पाई है। मंगलवार को करीब 500 क्विंटल गेंहू की आवक हुई लेकिन गेहूं में नमी ज्यादा होने के कारण खरीद नहीं हो पाई। मंडी प्रधान बिजेंद्र टामक ने बताया कि इस बार मतलौडा अनाजमंडी में हैफड, स्टेट वेयर हाउस और एफसीआई खरीद करेगी। संवाद
चार दिनों बाद भी नहीं की गेहूं खरीद
सनौली। अनाज मंडी सनौली में चार दिनों बाद भी गेहूं की सरकारी खरीद एजेंसी ने नमी बता कर गेहूं खरीद नही की। इससे परेशान किसानों ने अनाज मंड़ी प्रधान दलीप रावल से मिलकर खरीद कराने की मांग की है। मंड़ी प्रधान दलीप रावल ने आढ़तियों के साथ मंडी में गेहूं बेचने आए किसानों के साथ जायजा लिया और खरीद एजेंसी को हरियाणा वेयर हाउस की टीम को मौके पर बुला कर मशीन से गेहूं में नमी जांच कराई। इस पर गेहूं में नमी पाई गई। बुधवार से गेहूं की खरीद शुरू कर दी जाएगी। संवाद