पानीपत। पाकिस्तान को सूचनाएं देने के आरोप में गिरफ्तार जासूस नोमान इलाही तीन सिम का प्रयोग करता था। दो नंबरों से वह आईएसआई एजेंट इकबाल काना और अन्य लोगों से बात करने में प्रयोग करता था। तीसरे से वह परिजन व दोस्तों से बात करता था।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि नोमान आईएसआई एजेंट इकबाल काना के साथ अधिकतर व्हाट्सएप पर मैसेज से बात करता था। पाकिस्तान पर ऑपरेशन सिंदूर के अंतर्गत एयर स्ट्राइक के बाद उससे पठानकोट और गुरदासपुर से आने वाली फौज और इसके सामान के बारे में जानकारी मांगी जा रही थी।
पानीपत के सेक्टर-29 औद्योगिक थाने में दर्ज कराई शिकायत में सब इंस्पेक्टर महावीर सिंह ने बताया कि सीआईए-1 की टीम गश्त पर सेक्टर -25 में कृष्णा गार्डन कॉलोनी चौक पर मौजूद थी। इस दौरान उन्हें सूचना मिली कि नोमान इलाही हाल निवासी मनमोहन नगर कॉलोनी फ्लोरा चौक के पास खड़ा है। उसके पास एक कॉलिंग और दो व्हाट्सएप नंबर हैं। जिनसे वह पाकिस्तान में इकबाल काना के चार नंबरों पर कॉल व व्हाट्सएप के माध्य से बात करता है। वह भारतीय सेना की गतिविधियों और अन्य खुफिया जानकारी पाकिस्तान को भेज रहा है। इस पर टीम ने फ्लोरा चौक से नोमान इलाही को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान उत्तर प्रदेश के शामली जिले में कैराना के मोहल्ला बेगमपुरा निवासी के रूप में बताई। नोमान इलाही ने पुलिस को बताया कि इस नंबर के अलावा वह तीन और पाकिस्तानी नंबरों पर इकबाल से बात करता है। इसके बदले उसने पाकिस्तान से दो अलग-अलग माध्यमों से पैसे भेजे जाते हैं। उसने कई खुफिया जानकारी इकबाल को दी है।
इकबाल के मिले वाॅयस मैसेज
पुलिस को नोमान की तलाशी के दौरान उससे एक मोबाइल फोन मिला है। उसके व्हाट्सएप पर पाकिस्तानी आतंकी इकबाल की तरफ से कई वॉयस मैसेज आए हुए थे। वॉयस मैसेज की रिकॉर्डिंग में पता चला है कि पाकिस्तान की तरफ से नोमान इलाही से बात करने वाला व्यक्ति गुरदासपुर और पठानकोट की तरफ आने वाली ट्रेन की जानकारी मांग रहा था। जिनमें फौज और फौज के सामान के बारे में जानकारी शामिल थी। पुलिस ने नोमान को भारत की सुरक्षा से संबंधित गुप्त सूचनाएं पाकिस्तान में रहने वाले इकबाल के साथ साझा करने व देश की सुरक्षा के लिए खतरा माना। उसके खिलाफ ऑफिशियल सीक्रेट एक्ट 1923 की धारा 3, 4, 5 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 152 के तहत केस दर्ज किया गया है। इन धाराओं तीन से 14 साल तक की सजा का प्रावधान है।
वर्जन :
पुलिस ने नोमान इलाही से तीन सिम बरामद किए हैं। इनकी जांच में पाकिस्तान के आईएसआई एजेंट इकबाल से बात करना सामने आया है। इकबाल ने उनसे सेना के संबंध में कई जानकारियां मांगी थी। आरोपी नोमान को सात दिन की रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। उसके मोबाइल फोन को भी जांच के लिए लैब में भेजा है। - सतीश वत्स, डीएसपी मुख्यालय।