पानीपत। पानीपत-जींद रेलवे लाइन के पास नहर में नहाने गया 15 वर्षीय किशोर रितिक का 28 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। वीरवार को हुए इस हादसे के बाद से एसडीआरएफ की टीमें लगातार सर्च अभियान चला रही हैं लेकिन अब तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। नहर किनारे स्वजन टकटकी लगाए अपने बेटे के लौटने की उम्मीद में बैठे हैं। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के जलालाबाद निवासी रितिक अपने परिवार के साथ पानीपत की बत्रा कॉलोनी में रह रहा था। वीरवार शाम वह अपने चार दोस्तों के साथ नहर में नहाने के लिए गया था। बताया जा रहा है कि चारों किशोर रेलवे पुल के पास पहुंचे और नहर में उतर गए। तीन दोस्त किसी तरह बाहर निकल आए लेकिन रितिक तेज बहाव में फंस गया। जीआरपी थाना प्रभारी धर्मपाल ने बताया कि गोताखोरों की मदद से नहर में सर्च अभियान जारी है। ब्यूरो