मोबाइल फोन की रोशनी में काम करते दिखे पटवारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बापौली। बापौली तहसील में बिजली न होने के कारण सोमवार को रजिस्टरी का काम बंद रहा। इससे तहसील में आए लोगों को घंटों लाइनों में लगने के बाद बैरंग लौटना पड़ा। वहीं मोबाइल फोन की रोशनी में पटवारियों को काम करना पड़ा।
गांव बापौली स्थित तहसील में कभी इंटरनेट की वजह से सर्वर डाउन रहा है और कभी बिजली की समस्या हो रही है। इससे तहसील में हर रोज की तरह सुबह साढे़ नौ बजे ही टोकन लेकर लाइनों में लग जाते हैं। तहसील कर्मचारी लाइन में लगे लोगों को आश्वासन देते रहे कि जल्द ही बिजली ठीक हो जाएगी और सभी का काम शुरू कर दिया जाएगा। कई घंटे बाद भी बिजली नहीं आई। कई घंटे लाइनों में लगने के बाद वापस घर लौटना पड़ा।
ओमपाल, राजेश, धर्म सिंह, विनोद, पिकी आदि का कहना है कि बापौली की तहसील में समस्याओं का अंबार है, कोई समाधान करने वाला नही है। बापौली की तहसील में पटवारी तक मोबाइल की रोशनी में काम करते नजर आए। इस बारे में नायब तहसीलदार कैलाश चंद्र का कहना है कि तहसील की बिजली के ब्रेकडाउन होने पर समस्या आ रही थी। बाद में बिजली आने पर सभी का काम पूरा किया गया। बिजली के कारण से समस्या आ गई थी।