संवाद न्यूज एजेंसी
नारायणगढ़। उपमंडल स्तर पर आयोजित समाधान शिविर में लोगों की समस्याएं सुनी गई और संबंधित विभागों के अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए। शिविर में वार्ड चार के शराफत अली ने जाति प्रमाण पत्र में जाति संशोधन से संबंधित समस्या रखी, वहीं वार्ड एक की मोनिका ने प्रॉपर्टी आईडी से जुड़ी समस्या, मानकपुर गांव की महिला गार्गी, परमजीत कौर तथा जय सिंह आदि ने शिकायत की कि उनका गांव एनएच-7 पर कालाआम्ब रोड पर स्थित है, जहां राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण के लिए ग्रामीणों की जमीन का अधिग्रहण किया गया था, लेकिन अब तक मुआवजा राशि नहीं मिली है। इसके साथ ही स्लीप रोड का निर्माण नहीं किया गया है। इससे ग्रामीणों को आवागमन में कठिनाई हो रही है। ग्रामीणों ने स्लीप रोड निर्माण की मांग रखी। जबकि वार्ड 6 की बुजुर्ग महिला लक्ष्मी देवी ने बताया कि उनका बीपीएल राशन कार्ड कट गया है। महिला भारती ने कहा कि उसे परिवार पहचान पत्र में अपना पता गांव हमीदपुर से नारायणगढ़ करवाना है, जो अभी तक संशोधित नहीं हुआ है। मोहल्ला पठाना वाला निवासी नानक सिंह ने शिकायत की कि उसकी फैमिली आईडी में कार दर्ज हो गई है, जिसे हटवाया जाए। बड़ी कोहड़ी गांव के पाला राम ने भी परिवार पहचान पत्र में आय अधिक दर्ज होने और बीपीएल राशन कार्ड कटने से संबंधित समस्या रखी। नायब तहसीलदार सुनील कुमार ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि आमजन की समस्याओं का निवारण शीघ्रता और पारदर्शिता से किया जाए।