माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। साले के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग करने वाले कुख्यात बदमाश जुनैद का पुलिस 18 दिन बाद भी सुराग नहीं लगा पाई। पानीपत पुलिस की तीन टीमें लगातार बदमाश की तलाश में जुटी हैं। यूपी में भी जुनैद के कई ठिकानों पर दबिश दी जा चुकी है लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल रहा है।
22 जुलाई की रात को यूपी के शामली जिले के कैराना थाना क्षेत्र के गांव तितरवाडा निवासी जुनैद ने अपने साले नदीम निवासी गढ़ी बेसिक के घर में घुसकर फायरिंग की थी। फायरिंग की यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई थी। नदीम ने जुनैद और उसके साथी इंसार और सारूक के खिलाफ सनौली थाने में मुकदमा दर्ज कराया था।
उनका आरोप था कि उनकी बहन का निकाह जुनैद के साथ हुआ था। लेकिन उनकी बहन मायके में रह रही है। जिस कारण जुनैद उनसे रंजिश रखता है। यही कारण है कि उसने इससे पहले अपने साढू के घर पर भी फायरिंग की थी। मुकदमा दर्ज करने के बाद से ही पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी है।
एसपी ने जुनैद की तलाश के लिए सीआईए की तीन टीमों को लगाया था। लेकिन 18 दिन का समय बीत जाने के बावजूद पुलिस अभी तक उसे गिरफ्तार नहीं कर पाई है। उधर, जुनैद के गिरफ्तार न होने से नदीम के परिवार में दहशत का माहौल है। नदीम का कहना है कि वह लगातार पुलिस अधिकारियों से संपर्क कर रहे हैं। जिससे जल्द ही से जल्द जुनैद की गिरफ्तारी हो सके।
नदीम ने बताया कि जुनैद के खिलाफ पश्चिमी यूपी के शामली, बागपत और पानीपत में 17 मुकदमे दर्ज हैं। जिनमें मारपीट, आर्म्स एक्ट, लूट, डकैती और जानलेवा हमले के मामले शामिल हैं। इसके साथ ही शामली के झिंझाना और बागपत के छपरौली थाने में उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में भी मुकदमे दर्ज है।
जुनैद ने इंस्टाग्राम पर जुनैद बाबा नाम से आईडी बना रखी है। एक माह पहले उसने एक वीडियो जारी कर उन्हें धमकी दी थी। जिसकी शिकायत थाना पुलिस से लेकर पुलिस अधिकारियों तक से की गई थी। लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया था। जिस कारण जुनैद का हौंसला बढ़ता रहा। ब्यूरो