पानीपत। जिले के आदियाना गांव निवासी निशा दहिया ने जयपुर में आयोजित सीनियर राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया है। एक से पांच जनवरी तक आयोजित इस प्रतियोगिता में निशा दाहिया ने 68 भार वर्ग में बेहतर प्रदर्शन कर जीत हासिल की। उनकी इस उपलब्धि पर ग्रामीणों ने उसे बधाई दी है। निशा दहिया 15 साल की उम्र से ही कुश्ती स्पर्धाओं में भाग ले रहीं हैं। उसकी इस उपलब्धि पर दहिया खाप के प्रवक्ता सुरेंद्र दहिया, गांव आदियाना सरपंच प्रवीन कुमार, जिला युवा खेल मंच के प्रधान धर्मवीर दहिया ने शुभकामनाएं दी हैं।
रेलवे भिवानी में टीटी के पद पर कार्यरत निशा दहिया ने इससे पहले अंतरराष्ट्रीय सीनियर अडंर-23 रेसलिंग प्रतियोगिता में अपने भार वर्ग 65 भार वर्ग में रजत पदक जीता था। ये प्रतियोगिता सर्बिया में हुई थी। निशा दहिया ने बताया कि वह नौकरी करने के साथ रोहतक के अखाड़े में दो से चार घंटे तक हर रोज प्रैक्टिस करती है। निशा ने बताया कि वह 13 बार भारत केसरी रहे चुकी हैं। इसके अलावा दो बार सीनियर नेशनल, दो बार जूनियर नेशनल व दो बार अंडर 23 नेशनल में जीत हासिल करते हुए नेशनल रेसलिंग प्रतियोगिता में छह स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। इसके अलावा ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी में दो स्वर्ण व जूनियर एशिया में रजत और कांस्य पदक जीत चुकी है।
पिता ने बेटियों में ही देखा बेटा
निशा ने बताया कि उसके पिता रमेश दहिया एक साधारण से किसान हैं। मां बबली देवी गृहिणी हैं। वे दो बहनें हैं। पिता ने बचपन से ही बेटियों को ही बेटा माना। जब वह आठवीं कक्षा में थी तो उन्होंने उसे निडानी स्पोर्ट्स स्कूल में कुश्ती खेलने के लिए छोड़ दिया। दो साल निडानी स्पोर्ट्स स्कूल में रहने के बाद वह रोहतक स्थित अर्जुन अवार्डी सत्यवान अखाड़ा में कुश्ती का प्रशिक्षण ले रही है। निशा ने बताया कि वह हिंदू कालेज रोहतक से बीए कर चुकी है और इस समय रेलवे में टीटी के पद पर कार्यरत है। उसकी दूसरी बहन की शादी हो चुकी हैं।