संवाद न्यूज एजेंसी
समालखा। संत निरंकारी मिशन के वार्षिक समागम में इस बार आत्ममंथन की ज्योति से अनुयायी आलोकित होंगे। इस बार 78वां वार्षिक निरंकारी संत समागम 31 अक्टूबर को शुरू होगा। यह तीन नवंबर तक होगा। इस बार का थीम आत्ममंथन होगा। जिसमें सतगुरु माता सुदीक्षा महाराज के प्रवचन इसी थीम पर केंद्रित होगा। इस उत्सव में देश-विदेश से श्रद्धालु इसकी तैयारी में लगे हुए हैं। सेवा दल के सदस्य इसको अंतिम रूप देने में लगे हुए हैं।
संत निरंकारी मिशन के समालखा के भोड़वाल माजरी स्थित समागम स्थल पर हर साल वार्षिक समागम का आयोजन किया जाता है। इसका हर साल अलग से थीम होता है। यह मानवता पर टिका होता है। यहां श्रद्धालु न केवल आध्यात्मिक जागृति पाते हैं, बल्कि मानवता, विश्व बंधुत्व और आपसी सौहार्द की भावनाओं को भी आत्मसात करते हैं। यह आयोजन आत्ममंथन की वह दिव्य भूमि है, जहां प्रत्येक साधक अपने अंतर्मन में झाकने, आत्मचिंतन करने और आत्मिक चेतना को जागृत करने की प्रेरणा प्राप्त करता है।
संत निरंकारी मंडल के सचिव जोगिंदर सुखीजा ने बताया कि यह स्थल एक समय में केवल एक सामान्य मैदान था। अब संतों की कर्मठ सेवा भावना के कारण एक भव्य शामियानों की सुंदर नगरी में परिवर्तित हो चुका है। यह दिव्य वातावरण प्रत्येक आगंतुक को अपनी और आकर्षित करता है। समागम स्थल को एक दिव्य नगरी का रूप दिया गया है। विशाल पंडाल में भक्तों के बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की है। परिसर में अत्याधुनिक एलईडी स्क्रीन स्थापित की जा रही हैं। जिससे दूरस्थ स्थानों पर बैठे श्रद्धालु भी उसी भाव, ऊर्जा और अनुभूति से सत्संग का लाभ प्राप्त कर सकेंगे। पूरे समागम परिसर को चार प्रमुख खंडों में विभाजित किया गया है। जिससे संचालन, आवागमन और सुविधाओं का समुचित प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सके।
मुंबई के श्रद्धालु मुख्य गेट कर रहे तैयार
मुंबई के श्रद्धालु मुख्य स्वागत द्वार को सजाने में लगे हैं। यह उनकी कलात्मक भव्यता के साथ समागम की आध्यात्मिक रूपरेखा का प्रतिबिंब बनकर उभरा है। यह द्वार न केवल सौंदर्य का प्रतीक है, बल्कि समर्पण, सेवा और सृजनशीलता का सजीव उदाहरण भी है। जैसे-जैसे समागम में श्रद्धालुओं की संख्या निरंतर बढ़ रही है, वैसे-वैसे यह स्वागत द्वार और अधिक भव्यता धारण करता जा रहा है।
हर रोज बढ़ी रही संख्या
दिल्ली-अंबाला रेलमार्ग की 52 ट्रेनों का ठहराव भोड़वाल माजरी रेलवे स्टेशन पर शुरू कर दिया है। यह ठहराव सात नवंबर तक रहेगा। यहां हर ट्रेन का ठहराव दो मिनट का होगा। रेलवे स्टेशन पर भी सुरक्षा बढ़ा दी हैं। जीआरपी के आला अधिकारी इसकी समीक्षा कर रहे हैं। अगले सप्ताह से सुरक्षा और बढ़ाई जाएगी। एसपी और डीएसपी स्तर के अधिकारी भोड़वाल माजरी पहुंचेंगे। इसके साथ अब हर रोज सेवादार और श्रद्धालु समागम में आ रहे हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही हैं।
समागम का थीम लिखते सेवा दल के सदस्य। संवाद
समागम का थीम लिखते सेवा दल के सदस्य। संवाद