पानीपत। शेयर मार्किट का कोर्स सिखाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से नौ लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोपियों ने शेयर मार्किट का कोर्स कराने और कंपनी में पैसे निवेश करने के नाम पर ठगी थी।किला थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
देसराज कॉलोनी मनमोहन धीमान ने किला थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी मुलाकात कुछ लोगों से हुई थी। आरोपियों ने कुटानी रोड पर आर्ट ऑफ इन्वेस्टिंगस कार्यालय बना रखा है। उन्होंने कहा कि 18 महीने का कोर्स करवाएंगे। जिसमें शेयर बाजार की जानकारी व कार्य सिखाएंगे। कोर्स पूरा होने पर सर्टिफिकेट देंगे जिससे नौकरी मिलने में आसानी होगी। लाभ का भी लालच दिया गया। इसके लिए पांच हजार रुपये प्रतिमाह फीस की मांग की। अप्रैल 2024 में आर्ट ऑफ इन्वेस्टिंगस में दाखिला ले लिया। आरोपी शंभू, पीयूष मौर्य ने उसके आधार कार्ड, पैनकार्ड की कॉपी भी ले ली। चार माह बाद उससे अलग-अलग कंपनी में निवेश करने को कहा। जिसके बाद उसने करीब नौ लाख रुपये निवेश कर दिए। इसके बाद आरोपी न तो उसके पैसे लौटा रहे और न ही लाभ दे रहे। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।