अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। नगर निगम बाजार में दुकानों के बाहर अतिक्रमण को लेकर सख्त हो गया है और सभी बाजारों के दुकानदारों को नोटिस देकर कब्जा हटवाने के निर्देश दिए हैं। निगम ने कब्जा न हटाने पर सामान जब्त करने की चेतावनी दी है। बाजार प्रधानों ने संबंधित दुकानदारों को नोटिस थमा दिए हैं। नगर निगम का नोटिस मिलने के बाद बाजारों में असमंजस है।
शहर के इंसार बाजार समेत अन्य बाजारों में अतिक्रमण के चलते हालत बेहद खराब है। दोनों तरफ के दुकानदारों के सामान बाहर रखने के कारण सड़क तंग हो गई है। ऐसे में पैदल भी निकलना मुश्किल होता है। नगर निगम अब तक शहर की मुख्य सड़कों पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करता आ रहा है। निगम अधिकारियों ने अब शहर के अंदर बाजार में भी अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने का फैसला लिया है। नगर निगम द्वारा ऐसे दुकानदारों को प्रधानों के माध्यम नोटिस जारी किए हैं। नगर निगम का नोटिस मिलने के बाद दुकानदारों की धड़कन तेज है।
बाजार प्रधानों ने बांटे नोटिस
बाजार प्रधानों और अन्य पदाधिकारियों ने संबंधित दुकानदारों को नोटिस बांटने शुरू कर दिए हैं। कई प्रधान को नोटिस बांट भी चुके हैं। इंसार बाजार लालबत्ती रोड के प्रधान गौरव लिखा ने बताया कि बाजार एसोसिएशन ही बाजार में अतिक्रमण को पसंद नहीं करती। दुकानदारों को समय-समय पर समझाया भी जाता है। कुछ दुकानदार बात मान लेते हैं, जबकि कुछ दुकानदार इसी तरह से काम करते रहते हैं।
इंसार बाजार में कुछ दुकानदारों द्वारा सड़कों पर अतिक्रमण किया गया है। इसके चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इन दुकानदारों को बाजार प्रधानों के माध्यम से नोटिए दिए हैं। निगम की टीम जल्द ही ऐसे दुकानदारों पर कार्रवाई करेगी।
वीना हुड्डा, कमिश्नर, नगर निगम पानीपत।