पानीपत। समालखा में जीटी रोड की सर्विस रोड की बदतर हालत को लेकर प्रशासन एक्शन में आ गया। सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में बृहस्पतिवार को डीसी ने एनएचएआई के कार्यकारी अभियंता पर लापरवाही बरतने पर मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिया। साथ ही असंध रोड पर अतिक्रमण पर कड़ी कार्रवाई करने को कहा।
समालखा में सर्विस रोड से निकल पाना मुश्किल है। राहगीर हर रोज चोटिल हो रहे हैं। एनएचएआई अधिकारी इसके निर्माण को लेकर ढुलमुल रवैया अपना रहे हैं। साथ ही जीटी रोड स्थित बीबीएमबी का अंडरपास करीब 20 इंच गहरा किया जाएगा। ये सभी मुद्दे बैठक में उठे। डीसी ने कहा कि समालखा में राष्ट्रीय राजमार्ग पर जगह-जगह सर्विस लेन टूट गई है। वाहनों को निकलने तक का रास्ता नहीं मिल पा रहा। इसे लेकर आमजन की लगातार शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह से सर्विस लेन के कार्य में लेटलतीफी हो रही है। ऐसे अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
डीसी ने असंध रोड पर ट्रैफिक जाम की समस्या पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि यहां ऑटो खड़ा रहने के साथ सड़क के दोनों तरफ दुकानदारों ने बाहर सामान रखकर अतिक्रमण कर रखा है। उन्होंने ट्रैफिक पुलिस को इन सब पर तत्परता से कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
एनएचएआई के अंबाला कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर खादी आश्रम और मलिक पेट्रोल पंप के पास एलिवेटेड हाईवे पर खुलने वाले कट को लेकर तकनीकी बोली शुक्रवार तक पूरी हो जाएगी। इसके बाद आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। बीबीएमबी के अंडरपास को 20 इंच तक नीचे किया जाएगा, ताकि इसकी ऊंचाई बढ़ सके। इसमें ध्यान रखना होगा कि सड़क को नीचा करने पर पानी भराव की समस्या नहीं होनी चाहिए। इस पर मार्केटिंग बोर्ड के कार्यकारी अभियंता विनय रावल ने बताया कि पुल के नीचे 20 इंच तक खोदाई की जा सकती है। हाईवे के साथ उत्तर दिशा में जमीन का स्तर काफी नीचे है। इससे यहां समस्या पैदा नहीं होगी। उद्यमियों ने पिछले दिनों अंडरपास की ऊंचाई कम होने की समस्या उठाई थी।
डीसी ने थर्मल पावर प्लांट से राखी लेकर जाने वाले वाहनों पर सख्ती दिखाई। उन्होंने कहा कि ओवरलोड वाहनों पर सख्ती की जाए। इनके चालान काटने के साथ मुकदमे दर्ज कराए जाएं। थर्मल से निकलने वाली राख के डंपरों पर तिरपाल होनी चाहिए। ऐसा न होने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। स्कूली वाहनों की भी चेकिंग नियमित रूप से करने के आदेश दिए। इस मौके पर एसडीएम वीरेंद्र ढुल, एसडीएम समालखा अमित कुमार, सीटीएम राजेश कुमार सोनी, डीटीओ नीरज जिंदल, डीएसपी ट्रैफिक सुरेश सैनी, सहायक सचिव आरटीए शम्मी शर्मा, सीएमओ डॉक्टर जयंत आहूजा व डीडीपीओ सुमित कुमार मौजूद रहे।