प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को शहर में निकाली शांति एवं सद्भावना रैली में ही शहरवासियों व उद्यमियों के गुस्से का सामना करना पड़ा। हरियाणा व्यापार मंडल के प्रदेशाध्यक्ष रोशन लाल गुप्ता ने सद्भावना रैली में प्रशासन विरोधी नारेबाजी की। दूसरे व्यापारी व उद्यमियों ने उनको मुश्किल से शांत किया। वहीं डीसी व एसपी की अगुवाई में बिना प्लानिंग के निकाली रैली में शहर के हिस्से में जीटी रोड पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने आनन-फानन में रोडवेज बसों को भी एलीवेटिड हाईवे से गुजार दिया।
दरअसल जिला प्रशासन और सेना के जवानों ने वीरवार को शांति एवं सद्भावना रैली निकाली गई। लालबत्ती चौक से रैली शुरू की जानी तय हुई। यहां पर शहरवासियों को भी शामिल किया गया था। शांति एवं सद्भावना रैली में शहरवासियों को भी शामिल किया गया था। शहरवासियों में जाट आरक्षण आंदोलन के दौरान प्रशासन व पुलिस की अनदेखी के चलते गुस्सा एक साथ निकल आया। हरियाणा व्यापार मंडल के प्रदेशाध्यक्ष रोशन लाल गुप्ता ने पुलिस प्रशासन विरोधी नारेबाजी शुरू कर दी। दूसरे उद्यमियों व व्यापारियों ने उनको शांत किया। जिसके चलते रैली में एक बार अजीबोगरीब स्थिति बन गई।
जीटी रोड पर लग गया जाम, एलीवेटिड हाईवे गुजारी बसें
शांति एवं सद्भावना रैली लालबत्ती चौक से चली और कुछ ही देर में जीटी रोड पर जाम लग गया। यहां पर स्काई लार्क से पीछे तक वाहनों की कतार लग गई। प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को जाम लगने के बाद रूट डायवर्ट करने की याद आई। इसके बाद जीटी रोड स्थित टोल प्लाजा से ही रोडवेज बसों को भी एलीवेटिड हाईवे से निकाल दिया। पुलिस द्वारा रूट डायवर्ट करने पर जीटी रोड पर जाम से तो कुछ राहत मिली, लेकिन यात्रियों को बसों के लिए धक्के खाने पड़े।
डीसी व एसपी ने एसडीवीएम सीनियर विंग में जताया आभार
शांति एवं सद्भावना रैली जीटी रोड से चलकर विभिन्न बाजारों से होते हुए सेक्टर-12 स्थित एसडी विद्या मंदिर सीनियर विंग के बाहर पहुंची। यहां पर डीसी समीरपाल सरो व एसपी राहुल शर्मा ने शहरवासियों का एकता का संदेश दिया और भविष्य में भी भाईचारा बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोगों की सूझबूझ व सहनशीलता और आपसी भाईचारे के चलते ही पानीपत पूरी तरह सुरक्षित रहा है। इसका पूरा श्रेय जिला वासियों को जाता है। जिन्होंने आपसी सौहार्द का परिचय देते हुए आपसी माहौल शांत रखा। उन्होंने कहा कि वे किसी भी असामाजिक तत्व को न पनपने दें और न ही किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान दें।