शिक्षा मंत्री प्रो. रामविलास शर्मा ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जीवन से जुड़े रहस्य को शीघ्र ही सबसे के सामने उजागर किया जाएगा।
नेताजी की मौत की एक-एक चिट्ठी को सबके सामने पढ़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस एक आदमी नहीं बल्कि एक जुनून और जज्बा था।
उन्होंने यह बात रविवार को सेक्टर-11 में स्थित एसडी विद्या मंदिर में हरियाणा आजाद हिंद फौज संगठन की ओर से आयोजित शहीद परिवार एवं वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह में बतौर मुख्यातिथि संबोधित करते हुए कही।
विशिष्ट अतिथि परिवहन मंत्री कृष्ण लाल पंवार और आमंत्रित अतिथि ग्रामीण विधायक महिपाल ढांडा और शहर विधायक रोहिता रेवड़ी रहे।
परिवहन मंत्री ने कहा कि हमें सुभाष चंद बोस, डॉ. भीमराव अंबेडकर और सरदार पटेल के बताए रास्ते पर चलना होगा। इससे पूर्व अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम शुरू किया। बच्चों ने स्वागत गीत गाए। शहीद परिवारजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को सुभाष चंद बोस की मूर्ति और शॉल देकर सम्मानित किया।
बस स्टैंड का नाम शहीद नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नाम की मांग
समारोह में शिक्षा मंत्री के पहुंचते ही संगठन पदाधिकारियों ने सबसे पहले पानीपत बस स्टैंड का नाम शहीद नेताजी सुभाषचंद्र बोस के नाम रखने की मांग की।
जहां शिक्षामंत्री व परिवहन मंत्री और विधायकों समेत सभी ने अपनी सहमति जताई है। परिवहन मंत्री ने संगठन को आश्वासन देते हुए कहा कि शहीदों के नाम पर अवॉर्ड व शिक्षण संस्थानों के नाम भी रखने का फैसला सरकार ने लिया है।
राष्ट्रपति अवार्ड से सम्मानित छात्रा को किया सम्मानित
राष्ट्रपति अवार्ड से सम्मानित छात्रा हरमन को शिक्षामंत्री ने 51 हजार रुपये देने की घोषणा करते हुए सम्मानित किया गया। संगठन ने बताया कि छात्रा हरमन फिल्म अभिनेता अमिताब बच्चन के साथ भी काम कर चुकी है साथ ही मध्यप्रदेश, छतीसगढ़ आदि में अपनी कला के माध्यम कन्या भ्रूण हत्या, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश दिया है।
इनको किया गया सम्मानित
शहीद परिवार एवं वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह में अतौलापुर से जगदीश, पूठर से सुरेश कुमार, बुआना लाखू से राजबीर, सनौली से विपिन त्यागी, पूठर से बिमला देवी, आट्टा से धर्मपाल, गांव अधमी से शकीला, पानीपत से बृजपाल शर्मा, बागड़ी लुहार के प्रधान दीवान सिंह, केला, खैरात अली मंसूरी, अब्दूल वहीद, हकीम इकराम, अब्दूल खान, मोहमूद याकूब, खादीम हाफिज महमूद, इरफान अली समेत अनेक शहीद परिवारों व वरिष्ट नागरिकों को सम्मानित किया। इस अवसर पर मेयर सुरेश वर्मा, भाजपा नेता सुरेंद्र रेवड़ी, पूर्व जिलाध्यक्ष गजेंद्र सलूजा, पार्षद संजीव, हरीश शर्मा, संगठन के वाइस चेयरमैन सत्यनारायण जैन व रोहित गौतम मौजूद रहे।